मल्टीस्टोरी पार्किंग, फोरलेन सड़क, इको पार्क जैसी कई बड़ी सौगातें

एंकर रायगढ़ नगर निगम में नए वित्तीय वर्ष के लिए बजट की तैयारियाँ चल रही है। नगर निगम का नया बजट इसी हफ्ते पेश होने वाला है। खास बात यह है कि पहली बार बजट में शहर विकास से जुड़े कई ऐसे बड़े प्रस्तावों को शामिल किया गया है जिनकी लंबे समय से मांग थी और ये प्रस्ताव सालों से लंबित भी थे। निगम एमआईसी ने इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है और अब बजट में स्वीकृति का इंतजार है।
रायगढ़ नगर निगम में काबिज भाजपाई शहर सरकार इसी हफ्ते अपना बजट पेश करेगी। क्योंकि राजस्व विभाग स्वयं मेयर के पास है लिहाजा मेयर जीवर्धन चौहान ही बजट पेश करेंगे। खास बात यह है कि नगर निगम के बजट में इस बार शहर विकास से जुड़े कई बड़े प्रावधानों को शामिल किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब निगम का बजट 800 करोड़ से भी अधिक का होगा।
निगम के नए बजट में 21 करोड़ की लागत से शहर के भीतर फोर लेन का निर्माण की योजना है। इतना ही नहीं शहर में ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए 40 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण के प्रस्ताव को भी शामिल किया गया है। यह प्रस्ताव पिछले दो कार्यकाल से सिर्फ कागजों तक सीमित रहा। इतना ही नहीं शहर में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पहाड़ मंदिर को टूरिस्ट स्पॉट के रूप में डेवलप करने, पचधारी एनीकेट के सामने इको पार्क डेवलप करने की योजना भी बनाई गई है।
इसके अलावा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक सिस्टम के तहत साढ़े तीन करोड़ की लागत से पूरे शहर को सीसीटीवी से लैस करने की योजना भी बनाई गई है। निगम एमआईसी ने इन प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी है और अब इस बजट में शामिल किया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन योजनाओं की शहर को बेहद जरूरत थी। तमाम प्रस्तावों को जल्द धरातल पर उतारने की जरूरत है।
इधर मेयर का कहना है कि बजट को लेकर सारी तैयारियां लगभग पुख्ता हैं। पार्षदों से भी बजट से संबंधित प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसी हफ्ते निगम का बजट पेश किया जाएगा। बजट में तमाम जरूरी प्रस्तावों को शामिल करते हुए न सिर्फ सभी की डेड लाइन तय की जाएगी बल्कि उन्हें समय पर पूरा भी किया जाएगा।












