कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि राज्य में स्थितियां अब पूरी तरह बदल चुकी हैं और लोग अब निडर होकर भगवद्गीता का पाठ कर सकते हैं। बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पहले मुख्यमंत्री ने यह बात कोलकाता में आयोजित एक सामूहिक भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम के दौरान कही। इस कार्यक्रम में लगभग 11 हजार लोगों ने एक साथ पवित्र ग्रंथ का पाठ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गौमाता की रक्षा करेगी और साधु-संतों का अपमान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, “राज्य में अब हवाएं बदल चुकी हैं।”
बदल गया है बंगाल का मौसम: शुभेंदु
संबोधन के दौरान जनता का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “बिना किसी झिझक के भगवद्गीता का पाठ करें और इसे बांटें, हनुमान चालीसा का वितरण करें। हरे कृष्ण मंत्र का जाप करें। शंख बजाएं। अब डरने की कोई बात नहीं है। मौसम बदल गया है।”
गोमाता की रक्षा का भी वादा
अपनी सरकार के संकल्पों के बारे में बताते हुए उन्होंने आगे कहा, “अब टीका, शिखा, धोती और तुलसी की सरकार आ चुकी है। गौमाता की रक्षा करने वाली सरकार आ चुकी है।” इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार साधु-संतों और संन्यासियों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी।
टुकड़े-टुकड़े गैंग से रहें सतर्क
शुभेंदु अधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “हम सभी को उन ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ के खिलाफ सतर्क और एकजुट रहना होगा जो ‘कश्मीर मांगे आजादी’ जैसे नारे लगाते हैं।”
आपको बता दें कि शुभेंदु अधिकारी कोलकाता में नेताजी इंडोर स्टेडियम में बांगुर जागरण मंच द्वारा आयोजित भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने कहा कि किसी धर्म का पालन करने या उसे बढ़ावा देने से डरने की कोई जरूरत नहीं है।














