अब तक जमा नहीं किया बीते साल का चावल, अधिकारी मौन
न्यूज डेस्क। रायगढ़ जिले में राइस मिलर्स किस तरह बेलगाम हो गए हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राइस मिलरों ने अब तक पिछले साल का बकाया चावल ही जमा नहीं किया है। जिले के 65 राइस मिलों से लगभग 21000 टन चावल लेना अभी भी बाकी है। खास बात यह है कि वर्तमान में नए खरीफ सीजन के लिए चावल जमा होना शुरू हो चुका है ऐसे में लेटलतीफी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दरअसल रायगढ़ जिले में 119 राइसमिलरों ने कस्टम मिलिंग के तहत धान का उठाव करने के लिए जिला प्रशासन से एग्रीमेंट किया था। इन मिलों ने बीते साल लगभग 55 लाख क्विंटल धान का उठाव किया था। लेकिन सीजन बीत जाने के बाद भी इनमें से 65 राइस मिलों ने अब तक 21000 टन चावल ही जमा नहीं किया है। इधर नए सीजन 2024 25 की धान खरीदी खत्म होने के बाद चावल जमा होना शुरू हो गया है, बावजूद मिलर्स चावल जमा करने की बजाय सुस्त बैठे हैं।
खाद्य विपणन विभाग की ओर से इनको नोटिस जारी किया गया था बावजूद मिलर्स ने अब तक चावल जमा नहीं किया है। लिहाजा खाद्य विपणन विभाग ने लगभग 10 राइस मिलों की 3000 टन की बैंक गारंटी जप्त की है। मामले में अधिकारियों का कहना है कि राइस मिलों को 30 अप्रैल तक की अंतिम मियाद दी गई है। निर्धारित समय में चावल जमा नहीं करने पर इनके खिलाफ ब्लैक लिस्टेट करने की कार्रवाई की जाएगी।










