Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • तड़के 3 बजे मौत बनकर आया ट्रेलर, खड़ी बस को मारी टक्कर; दो यात्रियों की गई जान
छत्तीसगढ़

तड़के 3 बजे मौत बनकर आया ट्रेलर, खड़ी बस को मारी टक्कर; दो यात्रियों की गई जान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसा कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार स्थित अनूप ढाबा के पास सुबह करीब 3 बजे हुआ। रायपुर से अंबिकापुर जा रही रॉयल ट्रेवल्स की यात्री बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बस चालक ने तानाखार के अनूप ढाबा के पास यात्रियों के चाय-पानी और शौच के लिए बस को सड़क किनारे रोका था। कुछ यात्री नीचे उतर गए थे, जबकि कई लोग बस के अंदर ही बैठे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और खड़ी बस को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

बस हेल्पर अर्जुन राम ने बताया कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच चालक और कुछ यात्री शौच के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर ने बस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हेल्पर के अनुसार, टक्कर मारने के बाद ट्रेलर चालक मौके से भाग गया।

हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें एक यात्री की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। शेष पांच घायलों का कटघोरा में इलाज जारी है।

कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिलासपुर निवासी 34 वर्षीय अनूप दुबे और 40 वर्षीय एक अन्य यात्री के रूप में हुई है। दूसरे मृतक के निवास स्थान को लेकर जानकारी में विरोधाभास है, जिसकी पुष्टि की जा रही है। दोनों शवों को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts