Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • स्पैम कॉल और मैसेज पर ट्राई का बड़ा एक्शन, 1.24 लाख टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई
देश-विदेश

स्पैम कॉल और मैसेज पर ट्राई का बड़ा एक्शन, 1.24 लाख टेलीकॉम संसाधनों पर कार्रवाई

नई दिल्लीः दूरसंचार नियामक ट्राई ने अवांछित वाणिज्यिक संचार (यूसीसी) पर अंकुश लगाने के लिए चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के दौरान 1.24 लाख से अधिक दूरसंचार संसाधनों के खिलाफ कार्रवाई की और 374 संस्थाओं को एक साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही की रिपोर्ट में कहा कि पहली बार नियमों का उल्लंघन करने पर 1,10,325 दूरसंचार संसाधनों की आउटगोइंग सेवाएं 15 दिन के लिए प्रतिबंधित कर दी गईं। वहीं, बार-बार उल्लंघन करने पर 13,777 मोबाइल कनेक्शन एक साल के लिए काट दिए गए। नियामक ने इस दौरान 3,725 एसएमएस हेडर भी ब्लॉक किए।

इसके अलावा, संदेश भेजने वाली 374 संस्थाओं को एक साल के लिए प्रतिबंधित किया गया। इस अवधि में ये संस्थाएं नए दूरसंचार संसाधन हासिल नहीं कर सकेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में ट्राई को अवांछित वाणिज्यिक संचार से संबंधित 15.29 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई योग्य पाया गया। इस दौरान देश के दूरसंचार नेटवर्क से 714.01 अरब कॉल और 702.28 अरब एसएमएस भेजे गए। शिकायतों की दर प्रति 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर लगभग 2.14 रही। स्पैम की शिकायत दर्ज कराने के लिए ट्राई का ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ (डीएनडी) ऐप सबसे प्रमुख माध्यम बना रहा।

कुल शिकायतों में से 14.21 लाख यानी 92.9 प्रतिशत शिकायतें इसी ऐप के जरिये दर्ज की गईं। इस ऐप को 30 सितंबर तक 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था। ट्राई ने बताया कि दूरसंचार कंपनियों द्वारा तैनात कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित प्रणालियों ने तिमाही के दौरान 19.9 अरब इनकमिंग कॉल और एसएमएस को संभावित स्पैम के रूप में चिह्नित किया। इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब एसएमएस शामिल हैं। दूरसंचार कंपनियों ने संदिग्ध स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को 45.9 लाख से अधिक चेतावनी संदेश भी जारी किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts