रायगढ़। रायगढ़ जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक युवक की पहचान करन मराठा (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उड़ीसा से आकर कोलाईबहाल में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करता था।
चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोलाईबहाल में एक नीम के पेड़ के नीचे गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवक बिजली की चपेट में आ गए, जिसमें करन मराठा की मौत हो गई और साहिल मिर्धा तथा विजय तुरी घायल हो गए।
ग्रामीणों ने तुरंत संजीवनी 108 को दी और घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने करन मराठा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो युवकों का इलाज अस्पताल में जारी है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पुलिस को इस घटना की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों और परिवारजनों ने सरकार से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और घायलों को उचित इलाज दिलाने की मांग की है।













