Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • रायगढ़ आसपास
  • पटाखा फोड़ने के विवाद में युवक के घर घुसकर मारपीट, जबरन कार में ले जाने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ आसपास

पटाखा फोड़ने के विवाद में युवक के घर घुसकर मारपीट, जबरन कार में ले जाने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के बढ़ते दबाव में आरोपी ने न्यायालय में किया आत्मसमर्पण, कोतवाली पुलिस ने एक दिन की रिमांड पर लेकर सफेद ऑल्टो कार, स्टील का कड़ा और मोबाइल किया जब्त।

रायगढ़। दीपावली की रात पटाखा फोड़ने की बात पर शुरू हुआ विवाद अगले दिन हिंसक वारदात में बदल गया। युवक के घर में घुसकर मारपीट करने और उसे जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस ने न्यायालय से एक दिन की रिमांड लेकर पूछताछ की और वारदात में इस्तेमाल सफेद ऑल्टो कार समेत मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।

पुलिस के अनुसार, हण्डी चौक निवासी निमिश अग्रवाल (18 वर्ष) ने 9 नवंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 8 नवंबर की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ सिग्नल चौक के पास पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया।

विवाद के अगले दिन 9 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे आरोपी सफेद ऑल्टो कार से निमिश के घर पहुंचे। उस समय वह सो रहा था। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर निमिश के सिर पर मारा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे जबरन कार में बैठाकर बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाया गया, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट की गई। इस दौरान हनी अग्रवाल ने घटना का वीडियो भी बनाया। बाद में आरोपी उसे हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को आरोपी दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी बीच मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। कोतवाली पुलिस ने उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की। इस दौरान घटना में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, मोबाइल, स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts