रायगढ़, 18 मार्च। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत लैलूंगा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी से गांजा परिवहन कर रहे एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है और उसके कब्जे से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है।
ृथाना लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक टी.वी.एस स्कूटी क्रमांक ओडी 31 पी 0646 से गांजा लेकर ग्राम जमुना की ओर से पाकरगांव आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव अपनी टीम के साथ अटल चौक पाकरगांव पहुंचकर घेराबंदी की।
भागने की कोशिश नाकाम
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध स्कूटी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर स्कूटी में रखे प्लास्टिक पन्नी से गांजा बरामद हुआ।
उड़ीसा से लाया गया था गांजा
पूछताछ में बालक ने बताया कि वह उड़ीसा के लेफरीपारा से गांजा खरीदकर बिक्री के लिए ला रहा था।
3 लाख का मशरूका जब्त
बरामद गांजा का वजन 5 किलो 100 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये है। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्कूटी (लगभग 50 हजार रुपये) भी जब्त की गई। कुल मिलाकर 3 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। मामले में थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव, सहायक उप निरीक्षक देव प्रसाद चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















