मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहली पारी में 564/8 रन घोषित करने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को दोनों पारियों में क्रमशः 152 और 112 रन पर समेट दिया। मैच के तीसरे ही दिन भारत ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मानव सुथार ने डेब्यू टेस्ट में मचाया धमाल
अपने पहले ही टेस्ट मैच में खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। सुथार ने पहली पारी में 22 ओवर में 33 रन देकर 6 विकेट झटके और अफगान बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उनकी शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने पहली पारी के आधार पर 412 रन की विशाल बढ़त हासिल की और कप्तान शुभमन गिल ने फॉलोऑन लागू करने का फैसला किया।
दूसरी पारी में भी नहीं चला अफगानिस्तान का बल्ला
फॉलोऑन के बाद भी अफगानिस्तान की बल्लेबाजी संघर्ष करती नजर आई। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 35.5 ओवर में सिर्फ 112 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। सेदिकुल्लाह अटल ने 42 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन उन्हें कोई बड़ा साथ नहीं मिला। अंत में अफगानिस्तान की पूरी टीम भारतीय स्पिनरों के सामने टिक नहीं सकी।
वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने खत्म किया मुकाबला
दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए और अफगानिस्तान की वापसी की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। वहीं कुलदीप यादव ने आखिरी चरण में दो विकेट झटककर मैच समाप्त कराया। अंतिम विकेट के रूप में नगेंयालिया खरोटे आउट हुए, जबकि चोटिल शराफुद्दीन अशरफ बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके।
बल्लेबाजों ने रखी थी जीत की मजबूत नींव
इससे पहले भारत ने पहली पारी में 564/8 रन बनाकर घोषित किया था। कप्तान शुभमन गिल ने 126 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि केएल राहुल ने 100 रन बनाए। साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने 81-81 रन का योगदान दिया। निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
भारत ने हर विभाग में दिखाई बादशाहत
पूरे मैच में भारत ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और कप्तानी तीनों विभागों में दबदबा बनाए रखा। अफगानिस्तान की टीम भारतीय खिलाड़ियों के सामने कहीं भी मुकाबले में नजर नहीं आई। डेब्यूटेंट मानव सुथार की यादगार गेंदबाजी और शीर्ष क्रम की शानदार बल्लेबाजी ने भारत को एकतरफा जीत दिलाई, जो लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
भारत और अफगानिस्तान की प्लेइंग 11
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान: सिदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह ओमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नंगेयालिया खरोते, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।















