भारत की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने आईसीसी वनडे महिला बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष स्थान कायम रखा है जबकि आस्ट्रेलिया की एलिस पैरी मंगलवार को जारी ताजा रैंकिंग में टॉप 10 में वापस आ गईं। वह 650 अंक के साथ दसवें स्थान पर हैं। हाल ही में हरमनप्रीत कौर की जगह कप्तान बनाई गईं मंधाना 790 अंक के साथ बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। हरमनप्रीत नौवें स्थान पर हैं। वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में दीप्ति शर्मा एक पायदान नीचे नौवें स्थान पर खिसक गईं। महिला टी20 रैंकिंग में शेफाली वर्मा चौथे, मंधाना पांचवें और हरमनप्रीत दसवें स्थान पर हैं। महिला टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में श्री चरणी और दीप्ति शीर्ष दो में हैं। ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में दीप्ति शीर्ष दस में अकेली भारतीय हैं और चौथे स्थान पर हैं। वनडे ऑलराउंडर्स की रैंकिंग में वह छठे स्थान पर हैं। टी20 और वनडे टीम रैंकिंग में भारतीय महिला टीम तीसरे स्थान पर है।
मंधाना ही नहीं, शेफाली-दीप्ति को भी जिम्मेदारी
शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा को क्रमश: भारत की टी20 और वनडे टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया। दोनों मंधाना की अगुवाई में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम की उपकप्तान होंगी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नेतृत्व समूह में यह बदलाव हरमनप्रीत के तीनों प्रारूपों की कप्तानी से हटने के फैसले के बाद हुआ। हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने की घोषणा करते हुए खिलाड़ी के रूप में खेलना जारी रखने की बात कही थी और उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज के लिए टी20 और वनडे दोनों टीम में शामिल किया गया है। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज रायपुर में 16, 18 और 20 अक्टूबर को खेली जाएगी। तीन मैच की वनडे सीरीज वडोदरा में 23, 25 और 28 अक्टूबर को होगी।
शेफाली वर्मा सितंबर महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
आईसीसी ने मंगलवार को शुभमन गिल को रिकॉर्ड पांचवीं बार महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना जबकि शेफाली वर्मा को एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए महिला वर्ग में यह सम्मान मिला। शेफाली दूसरी बार महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुनी गई हैं। उन्होंने पिछले साल नवंबर में विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विजयी पारी खेलने के बाद यह पुरस्कार जीता था। उन्होंने महिला एशिया कप में भारत के लिये सर्वाधिक रन बनाए। एशियाई खेलों में बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने नाबाद 100 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रन बनाए थे। उन्होंने कहा, ”यह पुरस्कार फिर हासिल करना सम्मान की बात है । एशिया कप और एशियाई खेलों में खिताबी जीत में योगदान देना अच्छा रहा जिससे यह जीत और खास हो गई।” एक ही देश से महिला और पुरूष दोनों क्रिकेटरों को चुने जाने का यह पांचवां मौका है।













