रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और दुर्ग में मंगलवार को सुबह-सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) एक्टिव हो गई है. रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में ईडी पहुंची है. यहां अधिकारियों की टीम घर के अंदर जांच-पड़ताल कर रही है. यह कार्रवाई किस संबंध में की जा रही है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ईडी के अधिकारियों की टीम रायपुर के पंडरी क्षेत्र स्थित रवि नगर के सुशील विला पहुंची. टीम के पहुंचने के बाद हलचल बढ़ गई. अधिकारी घर के अंदर दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं. कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सुरक्षाबल की तैनाती की गई है.
फिलहाल, जांच के दायरे में कौन व्यक्ति है और क्या मामला है, इसे लेकर जानकारी स्पष्ट नहीं है. ईडी की ओर से भी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. रायपुर के अलावा दुर्ग में भी ईडी की छापेमार कार्रवाई जारी है.
दुर्ग में भी ईडी की दबिश
दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने दबिश दी. सुबह करीब 6 बजे पहुंची लगभग 10 अधिकारियों की टीम ऋषभ कॉलोनी के E-701 स्थित गुलशन बघेल के आवास पर दस्तावेजों की जांच कर रही है. गुलशन बघेल ट्रांसपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. कार्रवाई किस संबंध में की गई है, यह स्पष्ट नहीं है. हालांकि चर्चा है कि ईडी की कार्रवाई भारतमाला परियोजना और कथित शराब घोटाले से संबंधित हो सकती है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.















