केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल में दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगरामपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘ये दीदी अपने हुमायूं कबीर को साथ में रखकर यहां बाबरी मस्जिद बनाना चाहती है। दीदी कान खोलकर सुन लो भाजपा की सरकार आ रही है और बंगाल की भूमि पर बाबरी मस्जिद हम नहीं बनने देंगे। ये हुमायूं कबीर दीदी का ही एजेंट है और दीदी आपके इशारे पर वो बाबरी मस्जिद बना रहा है। दीदी आपका समय अब समाप्त हो गया है। यहां भाजपा सरकार आने वाली है यहां बाबरी मस्जिद नहीं बन सकता है।’
अमित शाह ने वादा किया कि पश्चिम बंगाल से अन्य राज्यों को आलू की आपूर्ति करने की इजाजत दी जाएगी ताकि यहां के किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा, ‘भाजपा सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा, सिंडिकेट राज का खात्मा किया जाएगा और घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा।’ शाह ने पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को भी दोहराया कि उत्तरी बंगाल में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), 600 बिस्तर के कैंसर अस्पताल, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), भारतीय प्रबंधन संस्थान (IMM) और खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी।
चुनावी मंच से TMC पर बरसे अमित शाह
गृह मंत्री शाह ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल का विभाजन किए बिना संवैधानिक तरीके से दार्जिलिंग पहाड़ियों में निवास करने वाले गोरखा समुदाय के मुद्दे का समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि राजबंशी भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा और दार्जिलिंग में एक पारिस्थितिकी अनुकूल रोमांचक खेल केंद्र की स्थापना की जाएगी।
मालदा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा, ‘चुनाव आयोग SIR कर रहा है, घुसपैठियों के नाम निकाल रहा है लेकिन दीदी इनके लिए रो रही हैं। दीदी, आपका समय अब समाप्त हो गया है। जनता आपको टाटा कह रही है। केवल उत्तर बंग, न केवल बंगाल बल्कि पूरे देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालने का काम भाजपा करेगी।’














