Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • डीएमएफ मद से रायगढ़ जिले में विकास को मिली नई रफ्तार
छत्तीसगढ़

डीएमएफ मद से रायगढ़ जिले में विकास को मिली नई रफ्तार

स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं को 15.85 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति

खनिज प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को मिल रहा प्राथमिकता से बढ़ावा

रायपुर, 07 अगस्त 2026. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले के खनिज प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से 15 करोड़ 85 लाख 60 हजार रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत कार्यों से जिले में स्वास्थ्य एवं शिक्षा अधोसंरचना को मजबूती मिलने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर

स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत खरसिया विकासखंड में सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 88 लाख 81 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। वहीं धरमजयगढ़ विकासखंड के सिविल अस्पताल के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की अधोसंरचना मजबूत होगी तथा लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कौशल विकास के लिए मॉडल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग सेंटर

युवाओं को आधुनिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में धरमजयगढ़, लैलूंगा, तमनार एवं घरघोड़ा विकासखंडों में मॉडल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग सेंटर भवनों के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए 9 करोड़ 56 लाख 18 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं युवाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी, जिससे कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।

स्कूल अधोसंरचना को भी मिलेगा मजबूती का आधार

शिक्षा अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण के लिए लैलूंगा विकासखंड के ग्राम पंचायत कुर्रा में अतिरिक्त कक्ष सहित प्राथमिक शाला भवन के जीर्णोद्धार के लिए 3 लाख 48 हजार रुपये तथा ग्राम पंचायत चोरंगा के माध्यमिक शाला भवन के जीर्णोद्धार के लिए 9 लाख 13 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

डीएमएफ मद से स्वीकृत इन परियोजनाओं से खनिज प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार और जनजीवन की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित होगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से रायगढ़ जिले के खनिज प्रभावित क्षेत्रों के समावेशी, संतुलित और सतत विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts