रायगढ़ । एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली, थाना साइबर और रेल्वे पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र से ओडिशा के दो पुरुष और एक महिला को भारी मात्रा में अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 17.726 किलोग्राम गांजा तथा 2 मोबाइल फोन समेत कुल 1,79,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 08 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र में शिव मंदिर के पास पीपल पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठे हुए हैं, जिनके पास मादक पदार्थ गांजा है और वे कहीं जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर थाना कोतवाली, थाना साइबर एवं रेल्वे पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम (1) सिद्धांत गोन्डा पिता महेश्वर गोन्डा उम्र 28 वर्ष निवासी डिमरीकाल थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा), (2) कश्यप साहनी पिता प्रसन्न साहनी उम्र 45 वर्ष निवासी घोड़ापथरा थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा) तथा (3) श्रीमती चंद्रिका साहनी पति कश्यप साहनी उम्र 40 वर्ष निवासी घोड़ापथरा थाना खजुरीपाड़ा जिला कंधमाल (ओडिशा) बताया।
पुलिस द्वारा बैगों की तलाशी लेने पर एक बैग से 6.382 किलोग्राम, ट्रॉली बैग से 8.084 किलोग्राम तथा अन्य बैग से 3.304 किलोग्राम गांजा (1,76,000 रूपये) बरामद किया गया। आरोपियों के कब्जे से दो कीपैड मोबाइल फोन (3,500 रूपये) भी जब्त किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री करने के लिए ट्रेन से रायगढ़ पहुंचे थे और आगे जाने के लिए वाहन की तलाश कर रहे थे। आरोपियों के पास गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।
थाना कोतवाली रायगढ़ में आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।













