रायपुर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आमजनों और कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी। इस दौरान प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आमजन अपनी समस्याएं लेकर सहयोग केंद्र पहुंचे। मिली जानकारी के अनुसार, 40 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने समस्याएं मंत्री के सामने रखी।
बताया जा रहा है कि सामने आए अधिकांश आवेदन मांगों से संबंधित थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए मौके से ही संबंधित विभागों को फोन कर इससे अवगत कराया गया और मौके पर ही 90 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण किया गया।
मंत्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आज प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित सहयोग केंद्र में आमजनों और कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण हेतु दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानंद उपासने और प्रदेश सह-कार्यालय मंत्री प्रितेश गांधी उपस्थित रहे।














