दुबई, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने मंगलवार को कहा है कि उसे 12 दिन पहले 2027 विश्व कप के टिकटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के बाद से अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वैश्विक रुचि को दर्शाता है।
आईसीसी के इस 50 ओवर के शीर्ष टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे और इसका आयोजन दो अक्टूबर से 21 नवंबर तक किया जाएगा।आईसीसी ने एक बयान में कहा, ”अब तक टिकटों के लिए एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं जिसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं।” टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक कराया जा सकता है जिसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में फाइनल का आयोजन होगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ”टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण तथा टूर्नामेंट के आगाज से पहले आईसीसी और उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का प्रमाण है।”
क्रिकेट विश्व कप 24 साल के अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है। गुप्ता ने कहा, ”टूर्नामेंट शुरू होने में एक साल शेष है और आईसीसी ने इस दौरान व्यापक स्तर पर प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियान और विशेष सामग्री की शृंखला की योजना बनाई है। इससे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ेगा।”
2023 की कसर पूरी करना चाहेगी भारतीय टीम
बता दें कि 2027 के वर्ल्ड का शेड्यूल पहले ही घोषित कर दिया गया है। भारतीय टीम ने अपने टीम के लिए बेस्ट कॉम्बिनेशन क्या होंगे उसे देखना शुरू कर दिया है। भारत के लिए और विश्व क्रिकेट के लिए सबसे बड़ी लाइमलाइट यही होगी कि अगले साल होने वाले टूर्नामेंट में कई खिलाड़ी अपने संन्यास की घोषणा कर सकते हैं, जिसमें भारत के दिग्गज स्टार क्रिकेटर विराट कोहली और हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा भी हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के कुछ क्रिकेटर भी हो सकते हैं। भारत ने साल 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में वनडे विश्व कप में निराशा झेली थी, हालांकि, इस बार उम्मीद है कि भारतीय टीम इस खिताब को अपने नाम करे। देखना दिलचस्प होगा क्या टीम इंडिया 2027 के विश्व कप के लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली को अपनी टीम में शामिल करती है या नहीं। यह भी एक तथ्य है कि क्रिकेट प्रशंसकों के बीच इतना बड़ा उत्साह दिग्गज खिलाड़ियों के कारण ही देखा जा रहा है।















