पूर्व मंत्री टेकाम ने कहा, मामले की निष्पक्ष जांच हो
रायगढ़। बलौदा बाजार में हुई हिंसक घटना के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन किया। रायगढ़ में भी कांग्रेस ने शहर के गांधी चौक में धरना दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री प्रेम साय टेकाम भी धरने में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश की बिगड़ी हुई कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। टेकाम ने कहा की बलोदा बाजार में जिस तरह से हिंसक घटना हुई है उसने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। बलौदा बाजार में इतनी बड़ी संख्या में लोग जुड़ते हैं असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है और पुलिस को इसकी सूचना तक नहीं मिलती है। अगर समय रहते प्रशासन चेत गया होता तो यह स्थिति निर्मित नहीं होती। समाज के लोगों ने जगह-जगह ज्ञापन दिया, सीएम को भी ज्ञापन दिया कि लाठी डंडे लेकर लोग आ रहे हैं लेकिन पुलिस को क्यों सचेत नहीं हुई। इससे यह साबित होता है कि पुलिस का सूचना तंत्र कमजोर है। अगर समय रहते यह कार्रवाई हो गई होती तो इस तरह की स्थिति निर्मित नहीं होती। अगर कलेक्टर एसपी कार्यालय जैसी सुरक्षित जगह जल जाए तो इससे बुरा क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि षड्यंत्रकारी कौन है। भारतीय जनता पार्टी षड्यंत्र करती रहती है लोगों को लड़ाने का, धार्मिक भावनाओं को उठाने का काम हमेशा ये करते रहते हैं। यह खुद षड्यंत्रकारी है और हम पर आरोप लगा रहे हैं। हमारे विधायक पूर्व मंत्री वहां पर गए थे शांतिपूर्ण तरीके से बैठे थे लेकिन मंच पर वहां कौन था, बाहर से लोग आए थे इसकी जानकारी प्रशासन को क्यों नहीं हुई कांग्रेस इसकी निंदा करती है। कांग्रेस की जांच कमेटी वहां गई थी उन्होंने अपने तरीके से जांच की है उन्होंने जांच रिपोर्ट दिया है उसी के तहत हम धरना कर रहे हैं ताकि दूध का दूध पानी का पानी होजाए। हम चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो।















