नई दिल्ली. दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कथित तौर पर एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। घटना तिलक नगर में बन रही एक सड़क के निरीक्षण के दौरान की है। आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से यह दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना आप के साथ विधायक जरनैल सिंह के साथ हुई तीखी बहस के बाद हुई। घटना के बाद से ही आप भाजपा सरकार पर हमलावर है और पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने जा पहुंची।
सौरभ भारद्वाज ने वीडियो शेयर कर किया दावा
आप के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने घटना का वीडियो भी शेयर किया है। सौरभ भारद्वाज ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ‘प्रवेश वर्मा द्वारा बेहद शर्मनाक और कायरतापूर्ण कदम उठाया गया है। युवक दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई घटिया सड़कों को बेनकाब करते हुए वीडियो बना रहा था।’
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि ‘पुलिस सुरक्षा गार्ड को हटा कर देखिए, फिर देखते हैं कि आप वास्तव में कितने मजबूत हैं। फिर इस युवा से तुम्हारा सामना करवाते हैं।’ दरअसल लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के सामने कुछ लोग इकट्ठा हुए और स दौरान सड़क की क्वालिटी को लेकर विरोध दर्ज कर रहे थे। इस दौरान उनसे लगातार सवाल किए जा रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर प्रवेश सिंह ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके तुरंत बाद उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक और आस-पास मौजूद भीड़ को नियंत्रण में लिया।
अरविंद केजरीवाल ने की मंत्री की गिरफ्तारी की मांग
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा ‘मंत्री को गिरफ्तार करो। मैं कल यहां जाऊंगा।’
केजरीवाल ने एक अन्य पोस्ट में कहा ‘सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार दिखाने पर मोदी जी के मंत्री ने एक युवक को सरे आम थप्पड़ मारा। मैं कल तिलक नगर जाकर इस सड़क का मुआयना करूंगा।’
पीड़ित ने क्या-क्या बताया?
वहीं पीड़ित ने बताया कि ‘मैं विधायक का सोशल मीडिया हैंडल संभालता हूं। पीडब्ल्यूडी विभाग के बुलाने पर ही हम सड़क की हालत देखने आए थे। मैंने उन्हें इस दौरान दिखाया कि सड़क की क्या हालत है और कैसे टूट रही है तो उनसे वो चीज झेली नहीं गई। उन्होंने मेरे ऊपर हाथ उठाया और उनके जो साथी थे उन्होंने जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस भी वहां मौजूद थी और ये सब उनकी मौजूदगी में हुआ है।’ पीड़ित युवक ने आगे कहा ‘उन्हें (मंत्री) को मांफी मांगनी चाहिए और जो भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो वह की जानी चाहिए। हम सिर्फ दावे नहीं कर रहे हैं बल्कि वीडियो सबूत मौजूद हैं। हमने एफआईआर दर्ज करवा दी है।’
स्थानीय विधायक बोले- थप्पड़ मारकर भाग गए
आप विधायक जरनैल सिंह ने घटना को लेकर बताया ‘चोरी पकड़े जाने पर भाजपा के मंत्री प्रवेश वर्मा बौखला गए और कैमरे से उनकी चोरी रिकॉर्ड करने वाले को गुंडे की तरह थप्पड़ मार दिया और चोरों की तरह फरार हो गए। ये सब ऑन कैमरा हुआ है। मंत्री जी ने मुझे फोन किया कि आओ मैं आपके क्षेत्र में निरीक्षण करने आया हूं और मैं यहां पर आ गया। मुझे लगा सड़की क्वालिटी देखेंगे तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों पर कोई कार्रवाई करेंगे लेकिन मुझसे कहने लगे कि दिखाइए कहां से सड़क टूटी है। मैंने पूरी सड़क कार्पेट की तरह उखाड़कर कर दिखा दी। तो मंत्रियों पर कार्वराई करने की बजाय जो हमारा साथ ही वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था उसे थप्पड़ मारा और भाग गए।’















