Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • SAD-BJP का हुआ गठबंधन, 6 साल बाद खत्म जुदाई; होगी AAP और कांग्रेस से लड़ाई
देश-विदेश

SAD-BJP का हुआ गठबंधन, 6 साल बाद खत्म जुदाई; होगी AAP और कांग्रेस से लड़ाई

नई दिल्ली. पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान कर दिया है। दोनों दल 6 साल से ज्यादा समय के बाद एक साथ आए हैं। साल 2020 में कृषि कानूनों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद शिअद ने भाजपा से राहें अलग कर ली थीं। हालांकि, अब तक दलों ने सीट शेयरिंग को लेकर ऐलान नहीं किया है।

पंजाब भी उन 5 राज्यों में शामिल हैं, जहां 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें सबसे ज्यादा 403 सीटों वाला उत्तर प्रदेश भी शामिल है, जहां भाजपा तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश कर रही है। 2022 में हुए पंजाब चुनाव में शिअद ने बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, लेकिन खास प्रदर्शन नहीं कर सकती थी।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, ‘यह बहुत खुशी की बात है कि NDA का सबसे पुराना सहयोगी, शिरोमणि अकाली दल आज फिर से NDA में वापस आ रहा है। मैं अकाली दल के सभी साथियों और सरदार सुखबीर सिंह बादल जी का NDA में तहे दिल से स्वागत करता हूं…। कल जब मैंने प्रधानमंत्री जी से NDA के विस्तार के बारे में बात की, तो प्रधानमंत्री जी ने भी सुखबीर जी और हमारे अध्यक्ष जी को फोन किया और कहा कि अब NDA पूरा हो गया है। बादल साहब की पार्टी के बिना NDA अधूरा था। मेरा मानना ​​है कि पंजाब, पूरे देश और दुनिया भर में, यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा और दोनों दल मिलकर इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।’

24 साल से साथ थे भाजपा और शिअद
साल 1996 में पहली बार भाजपा और शिअद ने गठबंधन किया था और राज्य में 1997 में चुनाव हुए थे। खास बात है कि उस चुनाव में गठबंधन ने सरकार बनाई थी। कुल 117 में से भाजपा ने 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 18 पर जीत हासिल की थी। जबकि, शिअद प्रत्याशी 92 सीटों पर मैदान में थे और 75 पर विजयी रहे थे। इसके साथ ही राज्य में गठबंधन ने जरूरी आंकड़ा हासिल कर सरकार बना ली थी। 1997 के बाद गठबंधन ने 2007 और 2012 में जीत हासिल की थी।

2020 में NDA को अलविदा कह दिया
साल 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों ने राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में बड़ा प्रदर्शन किया था। बाद में सरकार ने इन कानूनों को वापस ले लिया था, लेकिन गठबंधन को शिअद के जाने का नुकसान हुआ था। SAD बयान जारी कर NDA से बाहर निकलने का ऐलान कर दिया था।

तब शिअद ने कहा था, ‘कोर कमेटी ने एकमत से BJP की अगुवाई वाले NDA गठबंधन से बाहर निकलने का फैसला किया, क्योंकि केंद्र सरकार किसानों की फसलों की MSP पर पक्की मार्केटिंग की सुरक्षा के लिए कानूनी गारंटी देने से लगातार इनकार कर रही है और पंजाबी और सिख मुद्दों पर लगातार असंवेदनशील है, जैसे जम्मू-कश्मीर में पंजाबी भाषा को ऑफिशियल भाषा से बाहर रखना।’

लोकसभा सांसद हरसिमरत कौर ने कहा था, ‘अगर 3 करोड़ पंजाबियों का दर्द और उनका विरोध प्रदर्शन भारत सरकार के अड़ियल रुख को नहीं पिघला पाता है, तो यह अब वह NDA नहीं रहा जिसकी कल्पना वाजपेयी जी और बादल साहब ने की थी। एक ऐसा गठबंधन जो अपने सबसे पुराने सहयोगी की बात अनसुनी कर दे और देश का पेट भरने वालों की गुहार को अनदेखा कर दे, वह अब पंजाब के हित में नहीं है।’

2022 में एकदम बदल गई कहानी
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में पंजाब ने ऐतिहासिक नतीजे देखे। राज्य में आप ने 92 सीटों पर विशाल जीत हासिल की थी। जबकि, सत्तारूढ़ कांग्रेस घटकर महज 18 सीटों आ गई थी। पार्टी चुनाव से पहले बड़े आंतरिक कलह से जूझ रही थी और चुनाव से कुछ महीने पहले ही कैप्टन को हटाकर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। इधर, भाजपा को 2 और अकाली दल को 4 सीटें ही मिली थीं।

2017 में हो गई थी हार
साल 2020 में अलग होने से पहले शिअद और भाजपा ने 2017 का विधानसभा चुनाव साथ लड़ा था। हालांकि, वो चुनाव गठबंधन के लिए पंजाब में आखिरी साबित हुआ और गठबंधन 10 साल के बाद सत्ता से बाहर हो गया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में पंजाब में कांग्रेस गद्दी पर बैठी थी। कांग्रेस ने 77 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई। वहीं, आम आदमी पार्टी और लोक इंसाफ पार्टी ने साथ लड़कर 20 सीटें हासिल की थीं। जबकि, सबसे पुराना गठबंधन भाजपा और शिअद सिमटकर 18 पर आ गए थे।

सुखबीर सिंह बादल ने दे दिए थे संकेत
नवंबर की शुरुआत में ही SAD चीफ सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन पर पूछे गए सवाल पर न हामी दी थी और इनकार भी नहीं किया था। उन्होंने कहा था, ‘मैं कोई पंडित तो हूं नहीं। कुछ ही दिनों में पता चल जाएगा कि क्या होने वाला है।’

बादल ने कहा, ‘मैंने कहा था कि दो राजनीतिक दल पंजाब के दुश्मन हैं। कांग्रेस और ‘झाड़ू वाले’। इनके अलावा, हम उन दलों के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं जो पंजाब के हित में काम कर रहे हैं और जिनकी विचारधारा हमारी विचारधारा से मेल खाती है।’ इससे पहले अमित शाह भी दिल्ली में कह चुके थे कि 2027 में पंजाब में एनडीए सरकार बनने जा रही है।

चुनावी मोड में भाजपा
भाजपा पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर एक्टिव मोड में नजर आ रही है। पार्टी के नेता लगातार चंडीगढ़ का दौरा कर रहे हैं, जहां नगर निगम चुनाव भी होने हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन हाल ही में चंडीगढ़ पहुंचे थे। वहीं, एक दिन पहले ही भाजपा ने प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है, जिसमें कई बड़े नाम शामिल हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, राज्यसभा सदस्य तरुण चुग, पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़, अविनाश राय खन्ना, मनोरंजन कालिया, श्वेत मलिक और विजय सांपला, प्रदेश महासचिव मंथरी श्रीनिवासुलु और पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर और रवनीत सिंह बिट्टू को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश सचिव मनजीत सिंह मन्ना, पूर्व मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, विधायक जंगी लाल महाजन और पूर्व विधायक दिनेश बब्बू भी समिति में शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts