Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • रायगढ़ आसपास
  • दिशा समिति बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लक्ष्यपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश, ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं पर विशेष जोर
रायगढ़ आसपास

दिशा समिति बैठक में योजनाओं की समीक्षा, लक्ष्यपूर्ति में तेजी लाने के निर्देश, ग्रामीण विकास और जनकल्याण योजनाओं पर विशेष जोर

मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, एनआरएलएम और स्वच्छ भारत मिशन की प्रगति का लिया जायजा

जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश

केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्यपूर्ति के निर्देश

रायगढ़, 8 जून 2026/ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा संचालित एवं राज्य शासन की प्राथमिकता में शामिल विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले में संचालित भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की। वहीं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से समिति को अवगत कराया। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत जिले में किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों एवं लक्ष्यपूर्ति की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार, महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, डीएफओ, नगर निगम आयुक्त सहित समिति के अन्य सम्मानित जनप्रतिनिधि सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय बागवानी मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विभाग तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान मनरेगा की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि मई 2026 तक जिले में 6.53 करोड़ मानव दिवस के लक्ष्य के विरुद्ध 4.28 करोड़ मानव दिवस सृजित किए गए हैं, जो 65.54 प्रतिशत उपलब्धि है। विकासखंडवार समीक्षा में रायगढ़ विकासखंड ने 118.07 प्रतिशत उपलब्धि के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि पुसौर विकासखंड ने 92.79 प्रतिशत उपलब्धि अर्जित की है। सांसद श्री राठिया ने सभी विकासखंडों में रोजगारमूलक कार्यों में तेजी लाने और लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2016-17 से 2022-23 तक समीक्षा की गई। जिसमें बताया गया कि जिसमें 96.77 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त हुई है। वहीं वर्ष 2024-25 में स्वीकृत 53 हजार 479 आवासों में से 43 हजार 167 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत 9 हजार 679 आवासों में से 2 हजार 753 आवास पूर्ण हुए हैं। सांसद श्री राठिया ने अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में निर्धारित 5 हजार 200 समूहों के लक्ष्य के विरुद्ध 6 हजार 62 स्व-सहायता समूहों को बैंक लिंकेज से जोड़ा गया है। समूह संख्या के आधार पर 116.58 प्रतिशत तथा राशि के आधार पर 141.90 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। सांसद श्री राठिया ने महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने तथा आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों की प्रगति, जनपदवार व्यक्तिगत शौचालय निर्माण एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 60 स्थानों पर प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के निर्माण एवं संचालन की प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही तमनार क्षेत्र में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट की स्थापना के लिए विभागीय कार्यवाही प्रगति पर है। सांसद ने स्वच्छता संबंधी अधोसंरचना को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा के दौरान चयनित ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास योजना (वीडीपी) के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में लैलूंगा विकासखंड के ग्राम भकुर्रा में स्वीकृत 44 कार्यों में से 42 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 2 कार्य निरस्त किए गए हैं। पंचम चरण में ग्राम लमडांड, सप्तम चरण में धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम आमापाली तथा अष्टम चरण में घरघोड़ा विकासखंड के ग्राम भेण्ड्रा में स्वीकृत सभी कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। सांसद श्री राठिया ने आदर्श ग्रामों में विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा जनसुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए।
कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, राष्ट्रीय बागवानी मिशन तथा अन्य कृषि आधारित योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि उद्यानिकी विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों के अनुरूप विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है तथा वर्ष 2026-27 के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। ड्रिप सिंचाई, पौध उत्पादन, नर्सरी विकास एवं कृषि अधोसंरचना निर्माण संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। सांसद ने किसानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आरडीएसएस योजना तथा अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न योजनाओं से संबंधित सुझाव एवं क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया। सांसद श्री राठिया ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रगति में और तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के जनप्रतिनिधि, दिशा समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts