Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • रायगढ़ आसपास
  • रायगढ़ को मिला प्रेस क्लब भवन का तोहफाः वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन, 50 लाख से बनेगा आधुनिक परिसर
रायगढ़ आसपास

रायगढ़ को मिला प्रेस क्लब भवन का तोहफाः वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन, 50 लाख से बनेगा आधुनिक परिसर

आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित होगा सुव्यवस्थित कैंपस
रायगढ़, 02 मई 2026/ रायगढ़ के पत्रकारों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने वार्ड क्रमांक 27 में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले प्रेस क्लब सामुदायिक भवन का विधिवत शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों को बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रेस क्लब भवन के लिए पत्रकार साथियों द्वारा निरंतर प्रयास, संवाद और फॉलोअप किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह कार्य प्रारंभ हो सका है। उन्होंने बताया कि भूमि संबंधी प्रक्रिया पूर्ण होते ही शासन से 20 लाख रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई तथा 30 लाख रुपये विधायक निधि से स्वीकृत किए गए। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है, जो समाज के महत्वपूर्ण वर्ग को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने नगर निगम के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सराहना की तथा निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और पूरी राशि का उपयोग बेहतर निर्माण में किया जाए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कोरबा प्रेस क्लब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का सुव्यवस्थित भवन एक गरिमामय वातावरण प्रदान करता है और रायगढ़ में भी उसी स्तर का सुसज्जित एवं आधुनिक भवन तैयार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस निर्माण से रायगढ़ के पत्रकारों को एक सशक्त एवं सम्मानजनक मंच प्राप्त होगा। उन्होंने भवन के डिजाइन को लेकर कहा कि निर्माण इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में प्रथम तल के विस्तार की संभावना बनी रहे। साथ ही परिसर के शेष हिस्से में पार्किंग, गार्डन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित कर इसे एक सुव्यवस्थित कैंपस के रूप में तैयार किया जाए। उन्होंने मुख्य मार्ग के संभावित चौड़ीकरण को ध्यान में रखते हुए भवन का निर्माण व्यवस्थित ढंग से करने के निर्देश दिए।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में वर्तमान में अनेक विकास कार्य तेजी से संचालित हो रहे हैं और 100 से अधिक परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं। इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। रायगढ़ के विकास के लिए वे प्रतिदिन समय देकर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हैं और आगे भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।

नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि प्रेस क्लब का यह भवन समाज के सशक्त स्तंभ को मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रायगढ़ में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और सभी वार्डों में आधारभूत सुविधाएं सुदृढ़ की जा रही हैं। प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष श्री पुनीराम रजक ने कहा कि यह भवन पत्रकारों के लंबे समय से संजोए गए सपने को साकार करेगा। उन्होंने वित्त मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रायगढ़ में शिक्षा, अधोसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। नालंदा लाइब्रेरी सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं, जिनसे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास हो रहा है।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति श्री डिग्री लाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, श्री अरुणधर दीवान, श्री गुरुपाल भल्ला, श्री सुभाष पाण्डेय, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री विवेक रंजन सिन्हा, श्री विकास केडिया, श्री सुरेश गोयल, श्रीमती पूनम सोलंकी, श्रीमती मधुलता पटेल, प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री हेमंत थवाईत, सचिव श्री नवीन शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री पुनीराम रजक, वरिष्ठ पत्रकार श्री सुभाष त्रिपाठी सहित प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एसडीएम श्री महेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts