Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • पिस्टल तनी, चारों तरफ पुलिस का घेरा… बस स्टैंड से हिस्ट्रीशीटर टुन्ना महाजन गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

पिस्टल तनी, चारों तरफ पुलिस का घेरा… बस स्टैंड से हिस्ट्रीशीटर टुन्ना महाजन गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर के नए बस स्टैंड में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ओडिशा पुलिस ने सिविल ड्रेस में कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को पिस्टल की नोक पर गिरफ्तार कर लिया। शराब दुकान के पास पुलिस टीम ने आरोपी टुन्ना महाजन को चारों तरफ से घेरकर दबोचा और अपने साथ ओडिशा ले गई। आरोपी के खिलाफ चोरी-डकैती समेत कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना भी बरामद किया गया है।

चारों तरफ से घेरा, भागने का नहीं मिला मौका
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा पुलिस को टुन्ना महाजन के जगदलपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस टीम ने नए बस स्टैंड के पास शराब दुकान के करीब उसे घेर लिया। पुलिसकर्मियों ने आरोपी को चारों तरफ से घेरकर काबू में किया और मौके से अपने साथ ले गई।

इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को पकड़कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, उसके सिर के पास पिस्टना तना हुआ नजर आ रहा है। कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी की आवाज भी वीडियो में सुनाई देती है- “ज्यादा हुआ तो गोली मार देंगे।” पुलिस की इस कार्रवाई को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

चोरी-डकैती के कई मामलों में नाम
ओडिशा पुलिस के मुताबिक, टुन्ना महाजन के खिलाफ चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उस पर बोरिगुमा पुलिस पर पांच राउंड फायरिंग करने का भी आरोप है। इसी मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और उसके बस्तर पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद टीम ने जगदलपुर में कार्रवाई की।

बस्तर के मंदिरों में चोरी से भी जुड़ा कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, टुन्ना महाजन के तार बस्तर में हुई चोरी की कुछ वारदातों से भी जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। इनमें गिरोला मंदिर समेत अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाएं शामिल हैं। अब ओडिशा पुलिस इन वारदातों में उसकी कथित भूमिका की भी जांच कर रही है।

पिस्टल और चोरी का सोना बरामद
ओडिशा पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से एक कंट्री मेड पिस्टल और चोरी का सोना बरामद किया गया है। बरामद सामान को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।

ओडिशा से फरार होकर बस्तर पहुंचे टुन्ना महाजन को पुलिस ने नए बस स्टैंड में ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद ओड़िशा पुलिस उसे अपने साथ ले गई है। अब उसके खिलाफ ओडिशा में दर्ज मामलों के साथ-साथ बस्तर में हुई चोरी की वारदातों में उसकी कथित भूमिका को लेकर भी आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts