कवर्धा के भलपहरी गांव में हादसा, बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल; जेई ने स्वीकार की चूक, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक लाइनमैन की जान ले ली। बिजली सुधारने ट्रांसफार्मर पर चढ़े कर्मचारी की करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि लाइन बंद करने की सूचना देने के बावजूद ऑपरेटर ने संबंधित गांव के बजाय दूसरे गांव का स्विच बंद कर दिया, जिससे हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों में आक्रोश है।
दूसरे गांव का स्विच बंद करने का आरोप
पूरा मामला भलपहरी गांव का है। गांव में बिजली बंद होने की शिकायत मिलने पर लाइनमैन मानक पटेल सुधार कार्य के लिए पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उसने विभागीय कार्यालय में सूचना देकर भलपहरी गांव का स्विच बंद करने को कहा था, ताकि ट्रांसफार्मर पर चढ़कर सुरक्षित तरीके से मरम्मत की जा सके।
आरोप है कि कार्यालय में बैठे ऑपरेटर ने भलपहरी के बजाय कुसमघटा गांव का स्विच बंद कर दिया। इससे भलपहरी की बिजली लाइन में करंट प्रवाहित होता रहा। इसी दौरान मानक पटेल ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली सुधारने लगा और करंट की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के भाई ने बताया कि घर के पीछे स्थित ट्रांसफार्मर के तार कटे हुए थे। उन्हें सुधारने के लिए मानक ट्रांसफार्मर पर चढ़ा था। उसने पहले ही गांव की बिजली बंद करने की सूचना दी थी, लेकिन ऑपरेटर की कथित गलती से दूसरे गांव की बिजली बंद कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण उनके भाई की जान गई।
मुआवजा और नौकरी की मांग
हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी है। परिजनों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जेई ने स्वीकार की विभागीय चूक
बिजली विभाग के जेई लोमस सोनवानी ने मामले में विभागीय लापरवाही की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि लाइनमैन की मौत के मामले में विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।