Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • रायगढ़ आसपास
  • जिले के 1.34 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक
रायगढ़ आसपास

जिले के 1.34 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान 28 से 30 जून तक

रायगढ़, 24 जून 2026/ कलेक्टर के निर्देश पर जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 से 30 जून तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस विशेष अभियान के तहत रायगढ़ जिले के शून्य से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 34 हजार 980 बच्चों को पोलियो वैक्सीन की दो बूंद पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर नजदीकी पोलियो बूथ तक अवश्य लेकर आएं और उन्हें पोलियो की खुराक दिलाकर इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

पहले दिन बूथों पर होगा टीकाकरण, बाद के दो दिन घर-घर पहुंचेगी टीम

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बी.पी. पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का शुभारंभ रविवार 28 जून को जिले भर के 1307 पोलियो बूथों पर किया जाएगा। पहले दिन बूथ स्तर पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों की पहचान करेंगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं। ऐसे बच्चों को उनके घर पर ही पोलियो वैक्सीन पिलाकर प्रतिरक्षित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग की व्यापक तैयारी, विशेष क्षेत्रों के लिए बनाई गई मोबाइल टीमें

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के सभी विकासखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में खंड चिकित्सा अधिकारियों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों को प्रशिक्षण देकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा चुके हैं। इसके साथ ही पहुंचविहीन क्षेत्रों, ईंट भट्ठों, मेला एवं बाजार स्थलों, मलीन बस्तियों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, साप्ताहिक बाजारों और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। अभियान के लिए आवश्यक वैक्सीन, बैनर, पोस्टर, प्रपत्र, मार्कर पेन तथा अन्य लॉजिस्टिक सामग्री का वितरण सभी विकासखंडों में पहले ही कर दिया गया है।

1307 बूथ, 25 मोबाइल टीम और 283 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के दौरान जिले में कुल 1307 पोलियो बूथ, 19 ट्रांजिट टीम, 13 मेला एवं बाजार स्थल टीम, 25 मोबाइल टीम तथा 283 पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। रविवार 28 जून की सुबह जिला मुख्यालय एवं सभी विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक अभिभावक की भागीदारी से ही इसे पूर्ण सफलता मिल सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के परिवारों को भी जागरूक करें और पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं, ताकि रायगढ़ जिला पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत बना सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts