Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • रायगढ़ आसपास
  • प्रधान आरक्षक देवसाय तिर्की को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, लंबी सेवाओं के लिए विभाग ने जताया आभार
रायगढ़ आसपास

प्रधान आरक्षक देवसाय तिर्की को सम्मानपूर्वक दी गई विदाई, लंबी सेवाओं के लिए विभाग ने जताया आभार

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की दी शुभकामनाएं

1 मई, रायगढ़ । जिला पुलिस रायगढ़ से सेवानिवृत्त हुए प्रधान आरक्षक देवसाय तिर्की को कल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विभागीय परंपरा अनुसार सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। श्री देवसाय तिर्की ने 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने के उपरांत दिनांक 30 अप्रैल को जिला पुलिस रायगढ़ से प्रधान आरक्षक पद से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी ने उनके सेवाकाल की जानकारी साझा करते हुए बताया कि श्री देवसाय तिर्की मूलतः सीतापुर, सरगुजा के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में जबलपुर, मध्यप्रदेश में आरक्षक पद पर पुलिस विभाग में भर्ती होकर अपने सेवा जीवन की शुरुआत की थी। सेवाकाल के दौरान पदोन्नति प्राप्त कर प्रधान आरक्षक बने और उन्होंने जिला रायगढ़ में रक्षित केंद्र, थाना चक्रधरनगर, धरमजयगढ़, घरघोड़ा, भूपदेवपुर तथा पुलिस चौकी जोबी सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।

सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने श्री तिर्की के लंबे और समर्पित सेवाकाल के लिए विभाग की ओर से कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद और सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं। एसएसपी ने कहा कि विभाग में सेवा के दौरान कई व्यक्तिगत कार्य पीछे छूट जाते हैं, जिन्हें अब वे निश्चिंत होकर पूरा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी विभाग के अनुभव का महत्वपूर्ण स्रोत होते हैं और उनका मार्गदर्शन एवं फीडबैक विभाग के लिए हमेशा अहम रहेगा।

एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने श्री तिर्की से कहा कि विभाग से जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता हो, वे बिना संकोच संपर्क करें तथा समाज और अपने आसपास की समस्याओं को पुलिस तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिवारजनों ने श्री देवसाय तिर्की को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह भावनात्मक और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का प्रेरक संदेश :

“पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत है। विभाग अपने हर अधिकारी और कर्मचारी के योगदान को सदैव सम्मान देता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts