Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • 11 राज्यों में 3.37 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

11 राज्यों में 3.37 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। भानुप्रतापपुर पुलिस ने ऐसे दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके बैंक खाते का इस्तेमाल देश के 11 राज्यों में लोगों से ठगी गई रकम को हासिल करने और आगे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। इस बैंक खाते से जुड़ी शिकायतों में कुल 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि बैंक ऑफ बड़ौदा के संबंधित खाते में 67 हजार 850 रुपये की रकम होल्ड थी। पुलिस के मुताबिक, यह खाता साइबर ठगी के नेटवर्क में लेयर-1 म्यूल अकाउंट के तौर पर इस्तेमाल हो रहा था। यानी ठगी का शिकार हुए लोगों की रकम सबसे पहले इसी खाते में जमा होती थी। इसके बाद रकम को दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था या निकाल लिया जाता था।

गृह मंत्रालय के पोर्टल से मिली थी जानकारी
दरअसल, गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद भानुप्रतापपुर पुलिस साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों की जांच कर रही थी। इसी दौरान साइबर सेल कांकेर से मिली जानकारी के आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता क्रमांक 87180200001251 की पड़ताल की गई।

जांच आगे बढ़ने पर खाते के साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने खाते से संबंधित शिकायतों और लेनदेन की जांच की तो पता चला कि इसके खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों से शिकायतें दर्ज हैं।

बिहार से तेलंगाना तक दर्ज थीं शिकायतें
पुलिस के मुताबिक, इस बैंक खाते से जुड़े साइबर ठगी के मामले देश के 11 स्थानों से सामने आए हैं। इनमें बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे राज्य शामिल हैं। इन शिकायतों में कुल 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की रकम दर्ज है।

अखिलेश्वर जैन और सतीश कुमार उसेंडी गिरफ्तार
खाते की जांच के बाद पुलिस ने उससे जुड़े दो संदिग्ध खाताधारकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान अखिलेश्वर जैन (25), निवासी उतामरा और सतीश कुमार उसेंडी (26), निवासी जैपरा, थाना दुर्गूकोंदल के रूप में हुई है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस मामले में एक बैंक खाते के जरिए अलग-अलग राज्यों में फैले साइबर ठगी के मामलों का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस की जांच में खाते से जुड़ी शिकायतों की कुल रकम करोड़ों में पहुंचने से इस नेटवर्क की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts