चंडीगढ़. पंजाब की राजनीति में आज एक बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला है। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन का ऐलान हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की। हालांकि सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भाजपा गठबंधन में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सूत्रों की मानें तो नई व्यवस्था के तहत, बीजेपी 50 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि बाकी 67 सीटें SAD के लिए छोड़ी जा सकती हैं।
सीएम फेस अकाली दल से होगा- अमित शाह
इस दौरान अमित शाह ने साफ कर दिया कि अकाली दल ही पंजाब में बड़े भाई की भूमिका में होगी। जब उनसे पूछा गया कि सीएम का चेहरा किस पार्टी से होगा तो अमित शाह ने कहा, “जो बड़ा भाई होता है, वही मुख्यमंत्री बनता है। जो भी बड़ा भाई है, वही मुख्यमंत्री बनेगा।” उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सबसे बड़ी खूबी यह है कि जहां भी NDA की सरकार रही है, वहां कानून-व्यवस्था हमेशा दुरुस्त रही है। हमारे दोनों दलों ने पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की है और हम इन पर एकमत हैं। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता पंजाब को नशा-मुक्त बनाना, सीमावर्ती राज्य में सुरक्षा के लिए कानून-व्यवस्था को ठीक करना और इन गिरोहों (गैंग्स) का सफाया करना होगी। यह हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है और दोनों दलों के घोषणापत्रों में भी यही सबसे प्रमुख मुद्दा होगा।”
अमित शाह ने कहा, “पिछले तीन महीनों में, नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच पंजाब के किसानों की चुनौतियों, राज्य के आर्थिक विकास से जुड़ी चिंताओं और वहां के युवाओं के सामने मौजूद रोजगार के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई है। इन चर्चाओं के आधार पर एक रोडमैप तैयार हुआ है, जो NDA सरकार के लिए एक मार्गदर्शक रूपरेखा का काम करेगा, जिसे हम बनाने जा रहे हैं…”
2020 में क्यों टूटा था भाजपा-अकाली दल का गठबंधन?
भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का गठबंधन करीब दो दशक से अधिक पुराना रहा है। दोनों दलों ने 1990 के दशक के मध्य में साथ आकर पंजाब की राजनीति में एक मजबूत चुनावी साझेदारी बनाई थी। इस गठबंधन में अकाली दल मुख्य रूप से ग्रामीण और सिख बहुल क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ के आधार पर चुनाव लड़ता था, जबकि भाजपा का आधार शहरी और हिंदू बहुल इलाकों में रहा।
लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर दोनों दलों के रास्ते अलग हो गए। कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसानों का व्यापक विरोध हो रहा था। अकाली दल पर अपने पारंपरिक किसान समर्थक आधार की नाराजगी का दबाव था। इसी पृष्ठभूमि में हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और बाद में अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने का फैसला किया। इस फैसले के साथ भाजपा और अकाली दल की करीब 24 साल पुरानी राजनीतिक साझेदारी समाप्त हो गई थी।
अलग-अलग चुनाव लड़ने के बाद दोनों दलों का क्या रहा प्रदर्शन?
गठबंधन टूटने के बाद दोनों पार्टियों ने पंजाब में अलग-अलग चुनाव लड़े। 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बीच अकाली दल और भाजपा दोनों को झटका लगा।
2017 विधानसभा चुनाव: अकाली दल ने 15 और भाजपा ने 3 सीटें जीती थीं। दोनों गठबंधन में थे।
2022 विधानसभा चुनाव: अकाली दल केवल 3 सीटों पर सिमट गया, जबकि भाजपा को 2 सीटें मिलीं।
2024 लोकसभा चुनाव: भाजपा पंजाब की सभी 13 सीटों पर चुनाव लड़ी, लेकिन उसे एक भी सीट नहीं मिली। अकाली दल को सिर्फ एक सीट हासिल हुई।
2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा का वोट शेयर 18.56 प्रतिशत और अकाली दल का 13.42 प्रतिशत रहा। दोनों के वोट शेयर को जोड़ें तो यह लगभग 32 प्रतिशत होता है। हालांकि, अलग-अलग चुनाव लड़ने के कारण दोनों दलों को सीटों के स्तर पर इसका लाभ नहीं मिल सका।















