6 लाख के गहने बरामद , एक दिन पहले की थी चोरी

रायगढ़। ट्रेनों में जेवर चोरी करने वाले बिहार के एक चोर गिरोह को पकड़ने में रेलवे पुलिस ने सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए गहने भी बरामद किए गए हैं। दरअसल ओड़िसा के झारसुगुड़ा निवासी सौरभ सिंह शुक्रवार को अपने परिवार के साथ टिटलागढ़ पेसेंजर से झारसुगड़ा जाने के लिए निकले थेl चाम्पा स्टेशन के पास उनकी आँख लग गयी। खरसिया क्रास होने के बाद जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि उनका बैग साइड से कटा हुआ था और बैग में रखे साढ़े 6 लाख रुपए के गहने गायब थे। पीड़ित ने 139 नंबर पर चोरी की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद रेलवे पुलिस ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी प्रारम्भ कर दी थी। वारदात के तरीके के आधार पर से पुलिस को बिहार के गिरोह के होने का संदेह हुआ। मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तो आरोपियों के किरोड़ीमल नगर में देखे जाने की सूचना मिली जिसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और क्राइम ब्रांच की सयुंक्त टीम ने घेराबंदी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी के गहने भी बरामद किए गए हैं।










