छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार – भाटापारा जिले में आज यानी गुरुवार 22 जनवरी की सुबह एक निजी स्टील फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। विस्फोट की इस घटना में छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दस से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के अंतर्गत निपनिया गांव स्थित रियल इस्पात स्पंज आयरन फैक्ट्री की है।
इस हादसे के बाद स्टील प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्लांट में मौजूद अन्य मजदूर जल्दी-जल्दी में घायलों को उठाकर बाहर ले गए और मृतकों को भी प्लांट से बाहर ले जाया गया। पुलिस और अन्य आपात सेवाओं को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, विस्फोट फैक्ट्री की स्पंज आयरन यूनिट में हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। धमाके की चपेट में आए कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन, दमकल विभाग और राहत व बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच मजदूरों को फर्स्ट एड करने के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्थानीय अस्पताल और भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जारी है। फिलहाल एहतियात के तौर पर फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य बतायी जा रही है। अभी तक विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।















