Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
रायगढ़ आसपास

छाल पुलिस ने अवैध कबाड़ पर कसा शिकंजा, ₹22 लाख की जब्ती

8 जुलाई, रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया श्री प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस ने अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार दूसरे दिन प्रभावी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक 6 चक्का माजदा वाहन से लगभग 8.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़ जब्त किया है। कार्रवाई में कुल ₹22 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।

आज 08 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि हाटी क्षेत्र से एक 6 चक्का ट्रक में बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप भरकर छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने थाना बैरियर पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू कराई।

जांच के दौरान महिंद्रा 6 चक्का वाहन क्रमांक CG-12 BD-1623 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में तिरपाल के नीचे विभिन्न प्रकार के लोहे के स्क्रैप, एंगल, टीना एवं अन्य कबाड़ सामग्री लोड मिली। चालक से परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम तौफिक खान, पिता असलम खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी सरस्वती स्कूल के पास, चौकी सीएसईबी, जिला कोरबा बताया। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने तथा कबाड़ के संदिग्ध होने पर पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में लगभग 8 टन 500 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2 लाख, एवं परिवहन में प्रयुक्त महिंद्रा 6 चक्का वाहन, जिसकी कीमत लगभग ₹20 लाख है, कुल ₹22 लाख मूल्य की संपत्ति जब्त कर कब्जे में ली।

आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) तथा धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में कबाड़ के स्रोत एवं उसके वास्तविक स्वामित्व की भी जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू प्रसाद पाण्डेय, आरक्षक राजेश राठौर, सतीश जगत, भगवती प्रसाद लक्ष्मे एवं थाना छाल के पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश —

“अवैध कबाड़ कारोबार चोरी एवं औद्योगिक संपत्ति अपराधों को बढ़ावा देता है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत ऐसे नेटवर्क पर लगातार प्रहार जारी रहेगा और बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ परिवहन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts