घरघोड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया जेल भेजा, हथियार बरामद
रायगढ़, 26 सितंबर। घरघोड़ा थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में 24 सितंबर को हुई युवक बलराम सारथी की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने मृतक के ससुर रामस्वरूप सारथी (56), गांव के युवक देवनंदन राठिया (21) और एक नाबालिग को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार टांगी और डंडा भी बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बलराम सारथी (28) का अपनी पत्नी हेमलता सारथी से विवाद चल रहा था। इसी कारण परिजनों ने हेमलता को बच्चों समेत मायके बरपाली ले आए। 21 सितंबर को बलराम भी ससुराल पहुंच गया। 24 सितंबर की सुबह वह गांव के पंचराम राठिया के घर की परछी (बरामदा) में लहूलुहान अवस्था में मृत पाया गया। पुलिस ने मामले की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने गवाहों से पूछताछ और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मृतक के ससुर रामस्वरूप पर शक किया। गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि रामस्वरूप को बलराम द्वारा अपनी बेटी की मारपीट करने की शिकायत थी। इसी रंजिश में उसने देवनंदन राठिया और एक नाबालिग के साथ मिलकर बलराम को घर बुलाया और डंडे व टांगी से हमला करके उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की।
आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी धाराएं लगाकर रामस्वरूप और देवनंदन को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। एसडीओपी सिद्धांत तिवारी की अगुआई में पुलिस टीम ने इस मामले का शीघ्र खुलासा किया।















