रायगढ़, 28 जून 2025: जोरापाली स्थित जगदम्बा ट्रेलर्स एवं स्ट्रक्चर्स प्लांट के यार्ड से वाहन पार्ट्स चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से पूरा चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।
जय कुमार वस्त्रकार ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई कि 27 जून की सुबह जब वह प्लांट के यार्ड में पहुंचे, तो पाया कि वहां रखे डिस्क की संख्या कम है। जांच करने पर पता चला कि पांच नग डिस्क, तीन नग ड्रम और एक इंजन हेड कुल लगभग 90,000 रुपये का माल चोरी हुआ है।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पतासाजी शुरू की और चार युवकों – शिवा सिदार, विक्रम सिदार, शुभम सिदार और जयशंकर सिदार – की पहचान की। मुख्य आरोपी शिवा सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध कबूल किया।
बरामदगी और गिरफ्तारी
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चार नग डिस्क, चार नग ड्रम और एक इंजन हेड बरामद किया। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक श्रीदिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।













