लंबे समय से करोड़ों की अफरा तफरी कर रहे घरघोड़ा के कोल तस्कर।

न्यूज डेस्क। रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के बरौद खदान में अवैध तरीके से कोयला लोडिंग करने का मामला सामने आया है। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र में हुई है, जहां दो अज्ञात व्यक्तियों ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोयला चोरी करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि कुडुमकेला निवासी राजेश कपूर वराई एसोसिएट छाल में मैनेजर हैं। पुलिस के मुताबिक घरघोड़ा निवासी प्रेम किशोर मिश्रा ने टीआरएन कंपनी भेंगारी से कोयला उठाने का काम लिया था। मंगलवार को कंपनी के मालिक सुभाष सिंह ने राजेश को सूचना दी कि उनकी ट्रेलर (सीजी 13 वाय 7136) का जीपीएस लोकेशन बरौद एसईसीएल कोयला खदान दिख रहा है, जबकि वाहन छाल वराई कैंप में होनी थी। जांच में पता चला कि प्रेम किशोर मिश्रा ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर ट्रेलर को खदान में कोयला लोड करने के लिए भेजा था। खदान प्रबंधन ने सूचना मिलते ही वाहन को रोका और दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अवधेष कुमार यादव, निवासी मायापुरी झारखंड और अमृत यादव निवासी ग्राम मनांद दोहर बताया। घरघोड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी नंबर प्लेट और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कोयला चोरी करने की योजना बनाई थी। जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम ने इस मामले को उजागर कर दिया।










