गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सरकारी वनभूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर अतिक्रमणकारियों ने हमला कर दिया। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के आरसीकन्हार रेंज अंतर्गत करका जंगल में हुई इस घटना में खल्लारी थाना प्रभारी टुमनलाल डडसेना समेत महिला वनरक्षक परमेश्वरी और ललिता सहित सुरक्षा श्रमिक यज्ञ मालती घायल हो गए। हमले के दौरान आगजनी की कोशिश भी की गई। घटना के बाद वन विभाग ने खल्लारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को वनभूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम महादनी नदी के उद्गम स्थल करका गांव के जंगल पहुंची थी। अभियान में 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए थे। कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए टीम के साथ बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस अधिकारी और महिला वनकर्मियों पर हमला कर दिया, जिससे कई कर्मचारी चोटिल हो गए।
मामले की पुष्टि करते हुए टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि अतिक्रमण के मामले में श्यामलाल (55), देवलाल नेताम (40) और योगेश कुमार (28) को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य अपराध अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दस साल में 1.25 लाख पेड़ों को नुकसान, 102 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा
वन विभाग के सर्वेक्षण में करका जंगल में अतिक्रमण और बड़े पैमाने पर पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का खुलासा हुआ है। विभाग के मुताबिक, पिछले करीब एक दशक में लगभग 1.25 लाख पेड़ों की कटाई या क्षति हुई है। वहीं 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि पर अवैध कब्जा कर लिया गया था।
2016 में 22 हेक्टेयर था अतिक्रमण, 2026 में बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हुआ
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2016 में करका क्षेत्र में करीब 22 हेक्टेयर वनभूमि पर अतिक्रमण था, जो वर्ष 2026 तक बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। यानी दस वर्षों में अतिक्रमण का दायरा चार गुना से भी अधिक हो गया। विभाग ने पुराने सैटेलाइट चित्रों, इसरो की इमेजरी और GPS आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के जरिए इसकी पुष्टि की है।
सर्वेक्षण में पेड़ों को नुकसान पहुंचाने के लिए गर्डलिंग तकनीक के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है। इसमें पेड़ के तने की छाल को चारों ओर से हटा दिया जाता है, जिससे धीरे-धीरे पेड़ सूखकर नष्ट हो जाता है। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वनभूमि पर अवैध कब्जे और जंगलों की कटाई का मामला चर्चा में है।















