लिस्बन : फुटबॉल जगत से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। पुर्तगाल के 25 वर्षीय मिडफील्डर क्वेविन कास्त्रो का एक प्री-सीजन दोस्ताना मैच के दौरान मैदान पर खेलते-खेलते अचानक बेहोश होकर गिर पड़े जिसके बाद उनकी मौत हो गई। लिस्बन फुटबॉल एसोसिएशन और उनके वर्तमान क्लब ‘रियल स्पोर्ट्स क्लब’ ने इस दुखद घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि दिन में मालवीरा के एस्टादियो डास सेइक्सास स्टेडियम में एस्त्रेला डी अमाडोरा के खिलाफ सत्र पूर्व मैच के दौरान कास्त्रो मैदान पर गिर पड़े थे। रियल स्पोर्ट क्लब ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, क्वेविन कास्त्रो सिर्फ एक खिलाड़ी से कहीं बढ़कर थे। वह हमारे परिवार का हिस्सा थे और मैदान के अंदर तथा बाहर उन्हें जानने का सौभाग्य पाने वाले सभी लोगों के दिलों पर अपनी छाप छोड़ गए।
इंग्लैंड के उनके पूर्व क्लब वेस्ट ब्रोमविच एल्बियन ने कास्त्रो के ‘असामयिक निधन’ पर गहरा दुख जताया। क्लब ने कहा कि रविवार को बर्नले के खिलाफ होने वाले मैच में 25वें मिनट में तालियां बजाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर खेलेंगे।













