24 जुलाई, रायगढ़ । बीते 14 मई को शनि मंदिर के पास फल दुकाल लगाने वाले बलराम यादव पर मामूली बातों को लेकर चाकू से हमला करने वाले फरार आरोपी अफसर खान को कोतवाली पुलिस ने कल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी बलराम यादव (50 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा नवापारा, थाना जूटमिल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पुराना शनि मंदिर के पास फल का ठेला लगाकर अपना जीविकोपार्जन करता है। 14 मई 2026 की दोपहर उसका पुराना परिचित अफसर खान उसके पास आया और शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मानवीय आधार पर उसने आरोपी को 100 रुपये दे दिए। कुछ समय बाद आरोपी दोबारा आया और फिर से रुपये मांगने लगा। प्रार्थी द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने अपने पास रखे फल काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया था । घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 255/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 119(1) एवं 118(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में फरार आरोपियों के विरूद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” में ऐसे फरार आरोपियों की धरपकड़ एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी की जा रही है । इसी क्रम में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल द्वारा लगाये मुखबीरों से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अफसर खान को शहर में घूमते देखा गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोप मोहम्मद अफसर उर्फ अफसर खान (37 वर्ष) निवासी इंदिरा नगर, वार्ड क्रमांक 6, थाना कोतवाली रायगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है ।













