भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 191 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन टीम को दमदार शुरुआत नहीं दिला सके और पावरप्ले में सस्ते में पवेलियन लौट गए। सलामी बल्लेबाजों का विकेट जल्दी गंवाने के बाद ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर की तरफ बढ़ाया। दो विकेट गिरने के बाद भी दोनों बल्लेबाजों ने हर ओवर में बाउंड्री लगाई और 10वें ओवर में ब्रेसवेल के खिलाफ जमकर रन बटोरे।
भारतीय पारी के 10वें ओवर में बने 27 रन
टीम इंडिया के 10वें ओवर में माइकल ब्रेसवेल ने गेंदबाजी की। उनकी पहली ही गेंद पर कप्तान श्रेयस अय्यर ने छक्का जड़ दिया। दूसरी गेंद पर चौका मारा और फिर तीसरी गेंद को बाउंड्री के बाहर छक्के के लिए भेजा। शुरुआती तीन गेंद में ही ब्रेसवेल ने 16 रन लुटा दिए थे। हालांकि चौथी गेंद पर उन्होंने श्रेयस अय्यर को आउट करने का मौका बनाया था लेकिन टिकनर ने शार्ट फाइन पर उनका कैच छोड़ दिया। इसके बाद ईशान किशन ने पांचवीं गेंद पर बेहतरीन छक्का मारा। अंतिम गेंद पर किशन ने चौका लगाकर ब्रेसवेल के ओवर को काफी महंगा बना दिया। उन्होंने इस ओवर में 27 रन लुटाए।
भारत ने 5वें मैच में बनाए 191 रन
भारत ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में रविवार को आठ विकेट पर 191 रन बनाए। भारत की तरफ से ईशान किशन ने 61, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 50 और नमन धीर ने 33 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से एडम मिल्ने ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 रन देकर चार विकेट लिए। उनके अलावा नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने दो-दो विकेट हासिल किए। भारत पांच मैच की सीरीज में अभी 3-1 से आगे चल रहा है।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। अभिषेक दो गेंद में एक रन ही बना पाए। संजू ने 10 गेंद में 4 रन बनाए। इसके बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच तीसरे विकेट के लिए 43 गेंद में 93 रन की साझेदारी हुई। ईशान 32 गेंद में 61 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और इतने ही छक्के लगाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 23 गेंद में 50 रन की पारी खेली। श्रेयस ने तीन चौके और चार छक्के लगाए। तिलक वर्मा 8 गेंद में 6 रन बनाकर आउट हुए। नमन धीर ने 23 गेंद में 33 और नीतीश ने 17 गेंद में 22 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए एडम मिल्ने ने चार विकेट लिए।













