Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • 30 करोड़ का भुगतान अटका, कटोरा लेकर सड़क पर उतरे सरपंच-पंच
छत्तीसगढ़

30 करोड़ का भुगतान अटका, कटोरा लेकर सड़क पर उतरे सरपंच-पंच

8 महीने से मनरेगा की मजदूरी और सामग्री की राशि लंबित, दीपावली से पहले भुगतान नहीं हुआ तो घेराव और चक्काजाम की चेतावनी

गरियाबंद। ग्राम पंचायतों की आर्थिक बदहाली और करोड़ों रुपये के लंबित भुगतान को लेकर जिले के सरपंच, उपसरपंच और पंच सोमवार को सड़क पर उतर आए। जिला सरपंच संघ के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने हाथों में कटोरा और मांगों से जुड़ी तख्तियां लेकर रैली निकाली। पंचायतों की खाली होती तिजोरी और आर्थिक संकट को प्रतीकात्मक रूप से दिखाने के लिए प्रदर्शनकारी कटोरा लेकर तिरंगा चौक पर बैठ गए। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लंबित राशि तत्काल जारी करने की मांग की।

कलेक्ट्रेट से तिरंगा चौक तक निकाली रैली

प्रदर्शन की शुरुआत कलेक्ट्रेट परिसर से हुई। यहां से रैली सिविल लाइन होते हुए बस स्टैंड पहुंची और फिर तिरंगा चौक पर समाप्त हुई। बड़ी संख्या में पहुंचे सरपंच, उपसरपंच और पंच हाथों में कटोरा लेकर बैठ गए। उनका कहना था कि पंचायतों में विकास कार्य कराने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ठेकेदारों और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का भुगतान करना मुश्किल हो रहा है, वहीं पंचायतों के विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।

8 महीने से अटकी 30 करोड़ की राशि

जिला सरपंच संघ ने शासन-प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत करीब 30 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा चुके हैं, लेकिन मजदूरी और सामग्री का भुगतान लगभग 8 महीने से लंबित है। मूलभूत सुविधाओं और 16वें वित्त आयोग की राशि भी जारी नहीं होने से पंचायतों का नियमित संचालन प्रभावित हो रहा है। वहीं मूल्यांकन और सत्यापन पूरा होने के बावजूद कई निर्माण कार्यों का भुगतान 5 से 6 महीने से अटका हुआ है। उपसरपंचों और पंचों का मानदेय भी नहीं मिला है।

दीपावली से पहले भुगतान की मांग

सरपंच संघ ने मनरेगा की लंबित मजदूरी और सामग्री की राशि तत्काल जारी करने, मूलभूत एवं 16वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराने, पंचायत कर्मचारियों का भुगतान सुनिश्चित करने और उपसरपंचों-पंचों का बकाया मानदेय देने की मांग की है। इसके अलावा मूल्यांकन एवं सत्यापन पूरे हो चुके निर्माण कार्यों की राशि जारी करने तथा लंबित फाइलों का शीघ्र निराकरण करने की मांग उठाई गई। बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा चक्काजाम

जिला सरपंच संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दीपावली से पहले लंबित भुगतान और अन्य मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसके तहत शासन-प्रशासन का घेराव और चक्काजाम जैसे कदम उठाए जाएंगे। संघ ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की है।

ये जनप्रतिनिधि रहे शामिल

प्रदर्शन में जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष हरीश साहू, संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा, सचिव पवन सिंह यादव सहित जिला उपाध्यक्ष पद्मा मोती निषाद, घनश्याम मरकाम, चम्पेश्वर ध्रुव, नरेंद्र ध्रुव और रोशनी प्रधान समेत जिलेभर से आए सरपंच, उपसरपंच एवं पंच शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts