Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • शरद पवार की फिर तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; बेटी सुप्रिया बोलीं- बाबा सुनते ही नहीं
देश-विदेश

शरद पवार की फिर तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती; बेटी सुप्रिया बोलीं- बाबा सुनते ही नहीं

मुंबई. महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को गुरुवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उन्हें डिहाइड्रेशन की समस्या होने की आशंका है। सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार को काम से बेहद लगाव है, लेकिन अब उन्हें आराम करने और यात्रा कम करने की जरूरत है।

सुप्रिया सुले ने क्या बताया?
सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में कहा कि शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने लिखा, “हम बाबा (शरद पवार) को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि उन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है। उन्हें आराम करने और कम यात्रा करने की जरूरत है, लेकिन बाबा सुनते ही नहीं। उन्हें अपने काम से बहुत ज्यादा प्यार है। आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद।”

इस साल कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं शरद पवार
85 वर्षीय शरद पवार इस साल पहले भी कई बार अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं। फरवरी में उन्हें सीने में संक्रमण और खांसी की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद 14 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद 22 फरवरी को हल्के डिहाइड्रेशन के कारण उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय डॉक्टरों ने उन्हें तरल पदार्थ दिए और निगरानी में रखा था। कुछ दिन बाद उनकी हालत में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

नवंबर में भी शरद पवार की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। 2 नवंबर को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद उन्हें छुट्टी दी गई, लेकिन उसी दिन आगे की जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका छाती और श्वसन तंत्र के संक्रमण तथा ब्रोंकाइटिस जैसी समस्या का इलाज हुआ। 7 नवंबर को उनकी हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी।

महाराष्ट्र की राजनीति के दिग्गज नेता हैं शरद पवार
शरद पवार महाराष्ट्र और देश की राजनीति के प्रमुख नेताओं में गिने जाते हैं। उनका जन्म 12 दिसंबर 1940 को महाराष्ट्र के बारामती में हुआ था। उन्होंने 1967 में पहली बार महाराष्ट्र विधानसभा का चुनाव जीता और आगे चलकर राज्य की राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया। वह 1978 में महज 38 साल की उम्र में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे।

पवार ने 1999 में कांग्रेस से अलग होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की स्थापना की थी। वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के साथ-साथ केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री जैसे अहम पदों पर भी रहे। लंबे राजनीतिक अनुभव और महाराष्ट्र की राजनीति में मजबूत प्रभाव के कारण उन्हें राज्य के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में गिना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts