Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • छत्तीसगढ़
  • भाजपा की बैठकों में ‘मिशन-2028’ का शंखनाद, स्मृति ईरानी ने कहा- यह सिर्फ चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प
छत्तीसगढ़

भाजपा की बैठकों में ‘मिशन-2028’ का शंखनाद, स्मृति ईरानी ने कहा- यह सिर्फ चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा है कि हमारी रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर टिकी है। भाजपा शुचिता, सादगी और मूल्यों की राजनीति करती है। ईरानी रविवार को यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम, मंडल एवं आयोग के अध्यक्षों की विभिन्न चरणों में आहूत बैठकों को संबोधित कर रही थीं।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी ईरानी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत दिखना चाहिए। भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता ‘मिशन-2028’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और पार्टी आगामी समय में निश्चित रूप से पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। ईरानी ने कहा कि ‘मिशन-2028’ केवल एक चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प है। अपने पितृ-पुरुषों के त्याग और राष्ट्र-समर्पण को आदर्श मानकर बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य बनाएं और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें। ईरानी ने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते, चुनाव कार्यकर्ता के पसीने, जन-जन से उसके आत्मीय जुड़ाव और संगठन के सुदृढ़ तंत्र से जीते जाते हैं।

शुचिता और सादगी की राजनीति का अनूठा उदाहरण
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी तथा राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के राजधानी रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से शुचिता और सादगी की राजनीति का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। शहर में बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए केवल पार्टी के गरिमामय ध्वज लहराकर दोनों शीर्ष नेताओं का आत्मीय व अनुशासित स्वागत किया गया।

‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि
प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचकर स्मृति ईरानी ने सर्वप्रथम परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

बैठकों में बनी सांगठनिक रणनीति
दौरे के पहले दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा कर आगामी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक सभी संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक हुई। दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक पार्टी के पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। वहीं, शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसके बाद शाम 7 से रात 8:30 बजे तक निगम, मंडल और आयोग के अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी लक्ष्यों और रणनीति पर चर्चा की गई।

ये रहे उपस्थित
रविवार को हुई बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, महामंत्री त्रय यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts