नई दिल्ली : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में 5 मंजिला इमारत ढहने और 7 लोगों की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हादसे के बाद से फरार चल रहे मकान मालिक हरिराम (हरिराम बंसल) को दिल्ली पुलिस की टीम ने राजस्थान के भिवाड़ी से धर दबोचा है। बता दें कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ-साथ 10 विशेष टीमों का गठन किया था।
हादसे के बाद से ही हरिराम लगातार अपनी लोकेशन बदलकर फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने उसके देश छोड़कर भागने की आशंका को देखते हुए देश के सभी एयरपोर्ट्स और बॉर्डर चेकपोस्ट्स पर लुकआउट नोटिस (LOC) जारी किया था।
दिल्ली पुलिस की special टीमों ने सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर दबिश देकर आरोपी को राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपी हरिराम को दिल्ली लाकर कड़ी पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी लापरवाही की कड़ियों को जोड़ रही है।














