गरियाबंद। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। एक साल पहले लव मैरिज करने वाले मिलाप ध्रुव और मंजुला ध्रुव के शव सोमवार सुबह घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले। बताया जा रहा है कि मिलाप ने पहले जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था और बीती रात फांसी लगा ली। इसके बाद पत्नी मंजुला ने भी आत्मघाती कदम उठा लिया। दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक साल पहले लव मैरिज
जानकारी के मुताबिक, अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव में मिलाप ध्रुव और उसकी पत्नी मंजुला ध्रुव साथ में रहते थे. दोनों की एक साल पहले ही लव मैरिज हुई थी. बताया जा रहा है कि मिलाप ने किसी बात से आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. बीती रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पत्नी ने भी मौत को गले लगाया.
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां घर के अंदर दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले. पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस दोनों परिवारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.
यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद या अनबन थी या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना की पूरी गुत्थी सुलझाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.















