दो बाइक पर सवार होकर अशोभनीय हरकतों का बना रहे थे वीडियो, चक्रधरनगर पुलिस ने पहचान कर की कार्रवाई; एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी
रायगढ़, 11 नवंबर। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने का जुनून पांच युवकों को भारी पड़ गया। शहर की सड़क पर दो मोटरसाइकिलों में सवार होकर खतरनाक स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकतें करते हुए वीडियो बनाने वाले पांच युवकों को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की और उनके अभिभावकों की मौजूदगी में थाने बुलाकर समझाइश भी दी, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात पांच युवक दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार होकर शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान वे चलती बाइक पर खतरनाक स्टंटबाजी करने के साथ सार्वजनिक सड़क पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें कर रहे थे। युवक इन करतूतों का वीडियो भी बना रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उनकी हरकतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने एसएसपी शशि मोहन सिंह को इसकी जानकारी दी। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। पुलिस ने युवकों को समझाइश देते हुए बताया कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा है, बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में डालती है।
समझाइश के बाद भी कार्रवाई, एसडीएम कोर्ट से जेल वारंट
पुलिस ने पांचों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस एवं 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी पांचों युवकों को जेल दाखिल करा दिया गया।
स्टंटबाजी और अशोभनीय हरकत करने वालों में विद्याधर देवांगन (21), ऋतिक बरेठ (21), आशीष चौहान (21), आकाश शर्मा (21) और मनीष शर्मा (21) शामिल हैं। सभी रायगढ़ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर ध्यान दें। कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए सड़क पर जान जोखिम में डालना समझदारी नहीं है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंट, अशोभनीय हरकत और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी।













