महासमुंद। जिले के बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा जंगल में वन विभाग की टीम पर हमला करने और वनकर्मियों को कई घंटे तक बंधक बनाए रखने का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जंगली सूअर के शिकार की सूचना पर जंगल में निरीक्षण के लिए पहुंची वन विभाग की टीम को 40 से 50 महिला-पुरुषों ने घेर लिया। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों से वनकर्मियों के साथ मारपीट की गई। mघटना बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के तमोरा ग्राम के पास कक्ष क्रमांक 95 और 96 में बीती रात हुई। टीम में रेंजर नवीन वर्मा, आमाकोनी के डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा, वन रक्षक और वॉचर समेत कुल 6 वनकर्मी शामिल थे।
करीब 6 घंटे तक जंगल में बंधक बनाए रखने का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, वन अमला जंगली सूअर के शिकार की सूचना मिलने के बाद जंगल में जांच के लिए पहुंचा था। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष वहां पहुंच गए। वन विभाग के मुताबिक, इन लोगों ने टीम को घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि रेंजर नवीन वर्मा, डिप्टी रेंजर नवीन शर्मा और चौकीदार राकेश ध्रुव समेत कुछ वनकर्मियों को रात में करीब 6 घंटे तक जंगल में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
मोबाइल से अधिकारियों और पुलिस को दी सूचना
बंधक बनाए गए वन अधिकारियों ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए वन विभाग के उच्च अधिकारियों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद रात में ही पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बंधक बनाए गए वनकर्मियों को वहां से बाहर निकाला गया।
घायल वनकर्मियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण
मारपीट में घायल वन अधिकारियों और कर्मचारियों का रात में ही स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। घटना में कितने वनकर्मियों को कितनी चोटें आई हैं, इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। वन विभाग की टीम के साथ हुई इस घटना के बाद मामले को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और पूरे विवाद की वजह को लेकर जांच की जा रही है।















