महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दो विशेष पेट्रोलिंग टीमें गठित, दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर करेंगी सतत पेट्रोलिंग
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने दिए निर्देश, पुलिस सहायता के लिए हेलो सिस्टर हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम के नंबरों वाले पोस्टर सभी पंडालों में लगाए जाएंगे
रायगढ़, 16 अक्टूबर । नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने विशेष पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिला पुलिस की दो विशेष पेट्रोलिंग टीमें गठित की गई हैं, जिन्हें “मां दुर्गा वाहिनी” नाम दिया गया है। ये टीमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर लगातार पेट्रोलिंग कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगी।
विशेष पेट्रोलिंग के लिए गठित पहली टीम की प्रभारी उप निरीक्षक श्रीमती दीपिका निर्मलकर, थाना कोतरारोड तथा दूसरी टीम की प्रभारी सहायक उप निरीक्षक श्रीमती सरस्वती महापात्रे, महिला थाना को बनाया गया है। दोनों टीमों में महिला एवं पुरुष आरक्षक शामिल रहेंगे, जो दोपहिया वाहनों से शहर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग करेंगे।
आज पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने “मां दुर्गा वाहिनी” की दोनों विशेष पेट्रोलिंग टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने तथा महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी दुर्गा पंडालों में पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों वाले पोस्टर चस्पा कराने को कहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालु और महिलाएं तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकें।
पुलिस सहायता के लिए हेलो सिस्टर हेल्पलाइन नंबर 9479270533 तथा पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ नंबर 9479193299 जारी किए गए हैं। इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं सुरक्षा संबंधी समस्या, छेड़छाड़ अथवा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
निर्देशों के बाद आज शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने “मां दुर्गा वाहिनी” की विशेष पेट्रोलिंग टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) श्री पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, डीएसपी श्री सुशांतो बनर्जी, आरआर श्री अमित सिंह तथा थाना प्रभारी श्री किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रायगढ़ पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखना तथा किसी भी अप्रिय स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करना है।
👉🏻 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश
“नवरात्रि एवं दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। रायगढ़ पुलिस आपकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।”














