छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बीच राज्य सरकार ने बस्तर संभाग के राजनीतिक नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के मुताबिक, भाजपा और कांग्रेस से जुड़े 116 नेताओं की सुरक्षा श्रेणी में कटौती की गई है। इनमें मंत्री केदार कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मंत्री कवासी लखमा समेत कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
Z+ से Z और Z से Y+ श्रेणी में बदलाव
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के तहत कई नेताओं की सुरक्षा श्रेणी घटाई गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, केदार कश्यप, महेश गागड़ा, दीपक बैज और कवासी लखमा की सुरक्षा Z+ से घटाकर Z श्रेणी की गई है। बस्तर के कर्मा परिवार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। कुछ नेताओं की सुरक्षा Z से घटाकर Y+ श्रेणी में की गई है।
गृह विभाग जारी करेगा आधिकारिक आदेश
बस्तर में लंबे समय से नक्सली खतरे के कारण राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों को अलग-अलग श्रेणियों में सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती रही है। अब सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद इसमें बदलाव का फैसला लिया गया है। गृह विभाग की ओर से आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद सुरक्षा में कटौती से जुड़ी विस्तृत जानकारी स्पष्ट होगी।













