पिथौरा। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इनोवा कार से 132 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 66 लाख रुपए बताई गई है। टीम ने मौके से महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के कंधमाल से गांजा लेकर महाराष्ट्र के पुणे जा रहे थे। पुलिस ने गांजा, इनोवा कार और दो मोबाइल समेत कुल 81.20 लाख रुपए का माल जब्त किया है।
यह पूरा मामला बसना थाना क्षेत्र का है। पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांजे से भरी एक इनोवा कार ओडिशा की ओर से आ रही है, जिसके बाद टीम ने नाकाबंदी कर इनोवा कार क्रमांक MH 04 GM 8841 को रोका और तलाशी लेने पर उसमें से 132 किलो गांजा बरामद हुआ।
ओडिशा से महाराष्ट्र तक कर रहे थे तस्करी
इसके साथ ही पुलिस ने गणेश बाजे पिता रामदास बाजे (42), निवासी पिपलवंडी, जिला पुणे, महाराष्ट्र और विपुल पिता रामचंद्र भालेराव (36), निवासी कलंब, जिला पुणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ओड़िशा के तुमुड़ीबंध (कंधमाल) से यह गांजा लेकर पुणे (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।
आरोपियों के कब्जे से 81.20 लाख का माल जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत विधि सम्मत कार्रवाई की है। वहीं दोनों आरोपियों के कब्जे से गांजा, इनोवा कार और 2 मोबाइल जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानिक कीमत 81,20,000 रूपये आंकी गई है।















