गुरु पूर्णिमा पर सीएम साय ने महिलाओं को दी सौगात।
कहा मोदी की गारंटी के तहत हर एक वादा पूरा करेगी सरकार।
रायगढ़। सीएम विष्णु देव साय गुरुवार को रायगढ़ जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गुरु पूर्णिमा पर जहां अघोर गुरु पीठ आश्रम बनोरा जाकर बाबा प्रियदर्शी राम के दर्शन किए तो वही जिला कलेक्ट्रेट में महिला समूहों को रेडी टू ईट निर्माण के लिए अनुबंध पत्र भी दिया। इस दौरान सीएम ने कहा कि हमारी सरकार मोदी की गारंटी के तहत हर वादे पूरा कर रही है। चाहे 3100 रुपए क्विंटल धान की खरीदी हो या फिर बोनस का वितरण, चरण पादुका वितरण हो या फिर महतारी वंदन योजना, यह सरकार सारे वादे पूरा कर रही है। आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर एक और बड़ी योजना शुरू की जा रही है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश के 6 जिलों में महिला समूह को फिर से रेडी टू ईट निर्माण का जिम्मा सौंपा जाएगा। पिछली सरकार ने इसे महिलाओं से छीन कर सेंट्रलाइज कर दिया था लेकिन आज फिर से महिला समूह को यह अधिकार दिया जा रहा है ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की पंचायतों को डिजिटल करने का काम किया जा रहा है ताकि ग्रामीणों को एक जगह पर सारी सुविधाएं मिल सके। आने वाले साल में प्रदेश के सभी पंचायतों को डिजिटल किया जाएगा। शराब घोटाले में आबकारी अधिकारियों पर कार्रवाई के मामले में सीएम ने कहा कि पिछली पांच साल की कांग्रेस सरकार में अनेकों घोटाले हुए। केंद्र और राज्य की एजेंसियां इसकी जांच कर रही है। दोषियों को दंडित करने का काम हो रहा है। शराब घोटाला एक बड़ा घोटाला हुआ। इसकी भी जांच ईडी के द्वारा हो रही है । जो भी दोषी होंगे सब पर कार्रवाई। उन्होंने प्रदेश में खाद की किल्लत को लेकर कहा कि डीएपी की किल्लत इस साल है, लेकिन यह सिर्फ छत्तीसगढ़ की नहीं पूरे देश की समस्या है। जितनी मात्रा में डीएपी का आयात होना था उतना हो नहीं पा रहा है। लेकिन उसके बदले दूसरी व्यवस्था की गई है। किसानों के लिए एनपीके और नैनो डीएपी हर सोसाइटी में दिए हैं किसान इसके माध्यम से अपनी पूर्ति कर सकते हैं।















