रायगढ़. शहर के कोतरा रोड इलाके में स्थित मारुति शोरूम में अज्ञात चोरों ने बीती रात बड़ी आसानी से 6.5 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरों ने बाउंड्री वॉल में लगे फेसिंग वायर को काटकर शोरूम में प्रवेश किया और सबसे पहले वर्कशॉप में घुसकर 95 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया. इसके बाद वे ऊपर स्थित शोरूम में पहुंचे और लाकर को उखाड़कर पीछे की ओर ले गए, जहां उन्होंने उसे तोड़कर नकद रखे लाखों रुपये को भी लेकर फरार हो गए.
शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की यह घटना कैद हो गई है और फुटेज के अनुसार चोरी में चार चोर शामिल हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
कोतरा रोड थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी ने बताया, “हमें सूचना मिली थी कि रात में यहां चोरी हुई है. हम सायबर टीम, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं और सभी स्टाफ से पूछताछ की जा रही है.”









