Shopping cart

Magazines cover a wide array subjects, including but not limited to fashion, lifestyle, health, politics, business, Entertainment, sports, science,

TnewsTnews
  • Home
  • देश-विदेश
  • हावड़ा से सियालदह स्टेशन केवल 9 मिनट में, पीएम मोदी तीन नए मेट्रो रूट का करेंगे शुभारंभ
देश-विदेश

हावड़ा से सियालदह स्टेशन केवल 9 मिनट में, पीएम मोदी तीन नए मेट्रो रूट का करेंगे शुभारंभ

कोलकाता। 1984 में भारत में मेट्रो सेवा की नींव रखने वाला कोलकाता शहर आज मेट्रो नेटवर्क में एक नया इतिहास रचने जा रहा है। अगले माह दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता वासियों को तीन नए मेट्रो खंड मिलने जा रहा है।

बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को कोलकाता में एक साथ तीन नए मेट्रो खंडों पर यहां एक दिन में रिकार्ड करीब 14 किलोमीटर लंबे नवनिर्मित मेट्रो नेटवर्क का उद्घाटन करेंगे। कोलकाता दौरे में पीएम तीन मेट्रो रूटों सहित 5200 करोड़ रुपये से अधिक की कई बुनियादी परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री इसमें ग्रीन लाइन के एस्प्लेनेड (धर्मतल्ला) से सियालदाह खंड, येलो लाइन के नोआपाड़ा से जय हिंद विमानबंदर (कोलकाता हवाई अड्डा) खंड और आरेंज लाइन के हेमंत मुखोपाध्याय (रूबी चौराहा) से बेलेघाटा खंड पर मेट्रो सेवाओं की शुरुआत करेंगे।

प्रतिदिन 9.15 लाख से अधिक यात्री लाभांवित होंगे
कोलकाता मेट्रो प्रशासन का दावा है कि इन महत्वपूर्ण मेट्रो परियोजनाओं के चालू होने से महानगर व आसपास के उपनगरीय क्षेत्र के प्रतिदिन 9.15 लाख से अधिक यात्री लाभांवित होंगे। कोलकाता के विभिन्न क्षेत्रों में जाना बहुत आसान हो जाएगा।

पीएम शाम में कोलकाता से सटे दमदम के पास नवनिर्मित जेसोर रोड स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम से इन मेट्रो परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण के बाद पीएम जेसोर रोड से जय हिंद विमानबंदर मेट्रो स्टेशन तक यात्रा भी करेंगे।

पीएम इसके बाद दमदम सेंट्रल जेल मैदान में प्रशासनिक कार्यक्रम में हावड़ा- कोलकाता को जोड़ने वाला 7.2 किलोमीटर लंबा कोना एक्सप्रेसवे का उन्नत गलियारा का शिलान्यस भी करेंगे। प्रशासनिक कार्यक्रम के बाद पीएम दमदम सेंट्रल जेल मैदान में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

बहुप्रतीक्षित ईस्ट-वेस्ट मेट्रो परियोजना पूरी तरह चालू हो जाएगी
इन मेट्रो परियोजनाओं के चालू होने से कोलकाता एयरपोर्ट भी मेट्रो सेवा से जुड़ जाएगा। साथ ही कोलकाता के हृदय कहे जाने वाले एस्प्लेनेड से सियालदह के बीच मेट्रो सेवा चालू होने से देश के दो महत्वपूर्ण व व्यस्त रेलवे स्टेशन- हावड़ा व सियालदह मेट्रो सेवा से जुड़ जाएंगे। इसी के साथ गंगा नदी के नीचे से दौड़ने वाली भारत की पहली अंडरवाटर मेट्रो से जुड़ी हावड़ा मैदान से साल्टलेक सेक्टर 5 को जोडऩे वाली बहुप्रतीक्षित 16.6 किमी लंबी ईस्ट वेस्ट मेट्रो परियोजना पूरी तरह चालू हो जाएगी।

इसके चालू होने से एक दशक से ज्यादा समय से लोगों का इंतजार खत्म हो जाएगा। इससे लोगों को काफी सुविधा होगी। तीन मेट्रो खंडों के शुरू होने से शहर के महत्वपूर्ण इलाकों हावड़ा, सियालदह, साल्टलेक सेक्टर-5 (आइटी हब) और कोलकाता हवाई अड्डे के बीच सुगम कनेक्टिविटी मिलेगी। हावड़ा मैदान से एस्प्लेनेड के बीच पहली अंडरवाटर मेट्रो सेवा का भी पिछले साल मार्च में पीएम मोदी ने ही उद्घाटन किया था।

हावड़ा से सियालदह मात्र नौ मिनट में जा सकेंगे लोग
अधिकारियों के अनुसार, ईस्ट वेस्ट मेट्रो के एस्प्लेनेड (धर्मतल्ला) से सियालदाह खंड के चालू हो जाने के बाद यात्री हावड़ा मैदान से साल्टलेक सेक्टर-5 तक मात्र 30 मिनट में पहुंच सकेंगे। वर्तमान में यह दूरी सड़क मार्ग से तय करने में डेढ़ से 2 घंटे का समय लगता है। वहीं, हावड़ा से सियालदह स्टेशन मात्र नौ मिनट में लोग मेट्रो से पहुंच सकेंगे।

कोलकाता की प्रगति को रफ्तार देंगे ये मेट्रो प्रोजेक्ट
अधिकारियों के अनुसार, ये मेट्रो परियोजनाएं महानगर में कनेक्टिविटी को सुगम बनाएंगी, जिससे कोलकाता व आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों से एक से दूसरे कोने में पहुंचने के यात्रा समय में भारी कमी आएगी। समय में कमी व आवागमन को आसान बनाने के साथ ये मेट्रो परियोजनाएं कोलकाता व राज्य की प्रगति को शानदार रफ्तार देंगी।

चार माह के भीतर तीसरी बार बंगाल आ रहे हैं पीएम
मालूम हो कि जैसे-जैसे बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भाजपा बंगाल पर अधिक ध्यान दे रही है। अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चार माह के भीतर पीएम मोदी तीसरी बार बंगाल आ रहे हैं। बताते चलें कि प्रधानमंत्री इससे पहले 29 मई को उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार और 18 जुलाई को दक्षिण बंगाल के दुर्गापुर में जनासभा और कई हजार करोड़ रुपये की परियोजाओं का उद्गाटन और शिलान्यास कर चुके हैं।

‘टीएमसी के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ रहा’
इधर, दौरे से एक पहले पीएम ने गुरुवार शाम एक्स पर पोस्ट में कहा कि कोलकाता के लोगों के बीच आना हमेशा सुखद होता है, एक ऐसा शहर जिसके विकास के लिए हम पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। मेट्रो परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कोलकाता में शुक्रवार के कार्यक्रम मुख्य रूप से कनेक्टिविटी पर केंद्रित हैं।

पीएम ने साथ कहा कि मैं कोलकाता में भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच रैली में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं। हर गुजरते दिन के साथ, टीएमसी के प्रति जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। बंगाल उत्सुकता से भाजपा की ओर देख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts